पटना. बिहार की राजनीति से बड़ी खबर सामने आई है. लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) में बगावत के बिगुल फूंके गये हैं. पार्टी के प्रदेश महासचिव केशव सिंह (Keshav Singh) ने अध्यक्ष चिराग पासवान (Chirag Paswan) के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. साथ ही जनवरी के तीसरे हफ्ते में पार्टी में बड़ी टूट का भी दावा किया है. लोजपा से अलग होकर लोजपा रामविलास पासवान गुट बनाने का दावा किया है.

प्रदेश महासचिव केशव सिंह ने चिराग पासवान के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है.

केशव सिंह ने फेसबुक पर पोस्ट डालकर नई पार्टी बनाने का ऐलान किया है. जिसमें 30 जिलाध्यक्ष, राष्ट्रीय और राज्य कार्यकारिणी के सदस्यों को लेकर नई पार्टी बनाने का दावा किया गया है.

उन्होंने कहा कि अगर वो मुंह खोलेंगे तो कई चेहरे बेउर जेल में नजर आएंगे.

सभी कमेटियों को किया भंग

बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद लोजपा प्रमुख चिराग पासवान ने बिहार प्रदेश की सभी जिला इकाई को भंग कर दिया है. चिराग ने बुधवार को पटना में लोजपा कार्यालय में पार्टी के नेताओं के साथ बैठक की. इसमें मेन विंग के साथ-साथ सभी प्रकोष्ठ को भी भंग कर दिया गया. बैठक में कहा गया कि दो महीने के अंदर सभी नई कमेटी का गठन किया जाएगा.

चिराग पासवान ने विधानसभा चुनाव में लोजपा की हार को लेकर समीक्षा बैठक की. उन्होंने नेताओं से चुनाव में मिली हार का फिडबैक लिया. इस दौरान चिराग पासवान ने साफ कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को अगले विधानसभा चुनाव की अभी से तैयारी करनी है. चिराग ने अपनी पिछली कमेटी में युवाओं और अनुभवी नेताओं का सही गठजोड़ रखा था. जबकि नई कमेटी में क्‍या रहने वाला है, यह तो आने वाला समय ही बताएगा.

Source : News18

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD