बिहार के नवादा जिले में वारिसलीगंज थाना क्षेत्र में हथियार के बल पर एक नाबालिग लड़की के साथ गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया गया। लोकलाज के भय से नाबालिग के परिजनों ने चुप्पी साध ली, लेकिन अभियुक्तों ने नाबालिग की आपत्तिजनक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल की दी। इसके बाद बालिका के परिजन गुरुवार को महिला थाना पहुंचे। किशोरी के आवेदन पर मामले की प्राथमिकी दर्ज की गयी है।

बताया गया कि नाबालिग 29 सितंबर की शाम शौच के लिए घर से निकली थी। नदी की तरफ जाने के दौरान रास्ते में ही अभियुक्तों ने किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। युवकों ने घटना की वीडियो बनायी और तस्वीर भी ले ली। पिस्टल का भय दिखाकर किशोरी को चुप रहने को कहा गया। घर लौटने पर किशोरी ने अपनी मां को घटना की जानकारी दी। लेकिन लोकलाज के भय से परिजन चुप रहे।

पीड़िता के भाई ने बताया कि अभियुक्तों में से एक विकास कुमार ने 03 दिसंबर को किशोरी की आपत्तिजनक फोटो फेसबुक पर अपलोड कर दी। इसके बाद तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो गयी। गुरुवार को किशोरी परिजनों संग महिला थाना पहुंची और मामले की प्राथमिकी दर्ज करायी। गांव निवासी मोती महतो का बेटा विकास कुमार, अशोक महतो का बेटा विक्की कुमार और भुषण महतों का बेटा चंदन कुमार नामजद अभियुक्त बनाया गया है।

महिला थाना प्रभारी कुमारी बबीता रानी ने बताया कि मामले को लेकर आवेदन दिया गया है। प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है। सदर अस्पताल में पीड़िता की मेडिकल जांच करायी गयी है। जल्द ही अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जायेगा।

Source : Hindustan

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD