भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शनिवार को ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस के गढ़ में खूब गरजे. पूर्वी बर्दवान में कृषक सुरक्षा अभियान का शुभारंभ करते हुए उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री से पूछा, ममता जी, एतो भय केनो? आप कहती हैं कि कोनो किछु होबे ना, होबे ना, होबे ना. मैं कहता हूं कि मई मास थेके सोब होबे, होबे, होबे.’
विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए श्री नड्डा ने कहा कि उन्हें पता चला है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर कहा है कि अब वह किसान सम्मान निधि योजना में पश्चिम बंगाल को शामिल करना चाहती हैं. लेकिन, अब ममता के पत्र की जरूरत नहीं. बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी और वही इस योजना को बंगाल में लागू करेगी.
पूर्वी बर्दवान जिला के जगदानंदपुर में आयोजित कृषक सुरक्षा सभा में उन्होंने ये बातें कहीं. अपने एक दिवसीय बंगाल दौरे में आयोजित इस सभा में श्री नड्डा ने कहा कि ममता बनर्जी को समझ में आ गया है कि उनके पैरों तले जमीन खिसक रही है. इसलिए वह इस योजना में शामिल होना चाहती हैं. दो साल से केंद्र सरकार अनुरोध करती रही, लेकिन उन्होंने इसे अनुमति नहीं दी.
श्री नड्डा ने कहा कि यदि यह योजना लागू हो गयी होती, तो पश्चिम बंगाल के 70 लाख किसान परिवारों को इसका लाभ मिलता. श्री नड्डा ने कहा कि मोदी सरकार ने 2013-14 के किसानों के लिए 22 हजार करोड़ रुपये के बजट को बढ़ाकर 1.34 लाख करोड़ रुपये कर दिया है. न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को डेढ़ गुणा कर दिया है. अपनी उपज की कीमत हासिल करने के मामले में बंगाल का स्थान देश भर में 24वां है.
बंगाल में भ्रष्टाचार का बोलबाला
श्री नड्डा ने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार का बोलबाला है. तृणमूल सरकार भ्रष्ट है, वह बालू चोर है. कोरोना के दौरान केंद्र की ओर से बांटे गये राशन तक की चोरी की गयी. टीएमसी का मतलब कट मनी, चावल चोर, तिरपाल चोर है. अंतिम संस्कार तक में कट मनी देना होता है. बंगाल में केवल केंद्रीय योजनाओं का नाम बदल दिया जाता है. लेकिन, मोदी का नाम कहां-कहां से मुख्यमंत्री हटायेंगी. मोदी तो लोगों के दिलों में हैं.
श्री नड्डा ने कहा कि परिवर्तन का समय आ गया है. भाजपा की सरकार बनेगी और राज्य की जनता को केंद्र की सभी योजनाओं का लाभ दिलाया जायेगा. बर्दवान में कृषक सुरक्षा ग्राम सभा का शुभारंभ करते हुए श्री नड्डा ने कहा कि लाखों लोग स्वॉयल हेल्थ कार्ड से जुड़ गये हैं
Input: Prabhat Khabar





