गैर मराठी विवाद में राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) एक बार फिर आक्रामक नजर आ रही है। रविवार को मुंबई-पुणे हाईवे पर स्थित वाशी टोल प्लाजा पर एक कर्मचारी को हिंदी में बात करने पर बुरी तरह पीटा गया। मनसे कार्यकर्ताओं ने उसे घुटनों के बल पर बैठने को मजबूर किया और माफी मंगवाई। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

राज ठाकरे पर आपत्तिजनक टिप्पणी का है आरोप

वीडियो में शख्स के साथ अभद्रता करते नजर आ रहे लोग मनसे की नवी मुंबई इकाई के सदस्य बताए जा रहे हैं। नवी मुंबई के पदाधिकारी जगदीश खांडेकर ने मामले को लेकर कहा, “हमें अपनी एमएनएस नवी मुंबई टीम पर पूरा भरोसा है। उन्होंने जो काम किया है, वह सराहनीय है। क्योंकि वह व्यक्ति मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे के बारे में आपत्तिजनक बात कर रहा था। हम अपने राज ठाकरे जी का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे।”

सिर्फ मराठी में बोलने को कहा गया था

जगदीश खांडेकर ने आगे कहा कि टोल प्लाजा पर काम कर रहे युवक से हमारे कार्यकर्ताओं ने मराठी में बोलने के लिए कहा था। इसके जवाब में उसने राज ठाकरे के लिए आपत्तिजनक शब्द कहे थे। राज ठाकरे का अपमान करने वाले को इसी तरह पीटा जाएगा। महाराष्ट्र में रहने वाले सभी व्यक्ति को मराठी आनी चाहिए।

मांफी मांगते हुए पीड़ित ने कही यह बातें

जो वीडियो सामने आया है उसमें एक शख्स जमीन पर बैठकर माफी मांगता दिख रहा है। वह कहता है, ‘वाशी टोल नाका पर एक ग्राहक से बात करते हुए मैंने आपत्तिजनक शब्द इस्तेमाल किया था। मैं गलती से वह शब्द बोल गया इसलिए मैं माफी चाहता हूं। मैं राज ठाकरे जी से माफी मांगता हूं। मैं दोबारा ऐसी गलती नहीं करूंगा।” माफी मांगने के बाद वह जैसे ही अपनी जगह से खड़ा होता है, मनसे के लोग उसे पीटने लगते हैं।

भाजपा नेता संग मारपीट के आरोप में 17 शिवसैनिकों पर केस दर्ज

इसी तरह के एक और मामले में शुक्रवार को सीएम उद्धव ठाकरे के लिए सोशल मीडिया में आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर कुछ शिवसैनिक ने पंढरपुर में एक BJP नेता को स्याही से नहलाकर मारपीट की थी। इस दौरान पुलिस और कुछ स्थानीय लोग BJP नेता को शिवसैनिकों से बचाते रहे लेकिन शिवसेना के कार्यकर्ता नहीं माने। उन्होंने BJP नेता के चेहरे पर कालिख भी पोत दी और चूड़ियों की माला भी पहनाई। अब इसी मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 17 लोगों पर केस दर्ज किया है।

Source : Dainik Bhaskar

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD