पटना. चारा घोटाले से जुड़े मामले में सजा काट रहे लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) की रिहाई का मामला फिर से तूल पकड़ने लगा है. अपने पिता और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की रिहाई के लिए बिहार के पूर्व मंत्री तेजप्रताप यादव (Tej Pratap Yadav) द्वारा चलाए गए आजादी पत्र मुहिम के तहत आज बिहार भर से जमा किए गए आजादी पत्र को दिल्ली भेजा जाएगा. जानकारी के मुताबिक शाम 4 बजे पटना स्थित जीपीओ से तेज प्रताप यादव पूरे बिहार भर से आए आजादी पत्र को राष्ट्रपति भवन के लिए पोस्ट करेंगे.

मालूम हो कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव चारा घोटाले से जुड़े मामले में सजा काट रहे हैं.

उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स से दिल्ली स्थित एम्स शिफ्ट किया गया था. हालांकि दिल्ली जाने के बाद लालू प्रसाद यादव की तबीयत पहले से बेहतर है. उनके स्वास्थ्य की निगरानी के लिए परिवार के लोग तो हैं ही साथ ही डॉक्टरों की टीम भी लगातार काम कर रही है.

इधर उनकी रिहाई के लिए बड़े बेटे तेजप्रताप यादव ने सोशल मीडिया के साथ ही राजद के छात्र संगठन की तरफ से भी रिहाई को लेकर मुहिम चलाया था. इसके तहत सभी विश्वविद्यालयों के छात्रों को भी लालू प्रसाद यादव की रिहाई के लिए चलाई गई मुहिम से जोड़ा गया था.

Source : News18

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD