पेट्रोल-डीजल समेत एलपीजी गैस में कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि (Petrol Diesel Price Hike) के बीच अब केंद्र की एनडीए (NDA) सरकार को सहयोगियों ने ही आंख दिखानी शुरू कर दी है. बिहार और केंद्र में बीजेपी की बड़ी सहयोगी कहे जाने वाली जेडीयू (JDU) ने पेट्रोलियम पदार्थों की कीमत में हो रही लगातार विधि पर एतराज जताया है. पार्टी के प्रधान महासचिव केसी त्यागी ने पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की कीमतों को कम करने की मांग की है. त्यागी ने कहा कि पेट्रोलियम पदार्थों की बढ़ रही कीमत से किसानी और रसोई दोनों का बजट खराब हो चुका है.

सहयोगी पार्टी होने के नाते सरकार से आग्रह है कि इनकी कीमतों को चेक करने का काम करें
और बढ़े हुए दाम वापस लें. त्यागी ने कहा कि सरकार को इसे रोल बैक करना चाहिए. जेडीयू नेता ने किसानों के रेल रोको आंदोलन पर कहा कि विपक्ष में रहते हुए हम भी रेल रोको आंदोलन का हिस्सा रह चुके हैं, इसलिए हम इसका विरोध नहीं कर सकते लेकिन आंदोलन में हिंसा वर्जित है. उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक और गांधीवादी तरीके से किए गए सभी जन आंदोलनों का हम समर्थन करते हैं लेकिन आंदोलन में हिंसा और ज़िद नहीं होनी चाहिए.

केसी त्यागी से पहले बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने भी मंगलवार को पटना में पेट्रोल-डीजल मूल्य वृद्धि पर अपनी प्रतिक्रया दी थी. नीतीश कुमार ने लोगों को इलेक्ट्रिक वाहन प्रयोग करने की सलाह दी है. बुधवार को पटना में जब पत्रकारों ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से पेट्रोल और डीजल की कीमत  में हो रही वृद्धि को लेकर उनकी प्रतिक्रिया जाननी चाही तो नीतीश कुमार ने बड़े ही सधे अंदाज में कहा कि फिलहात तो कीमत बढ़ी हुई हैं लेकिन अगर पेट्रोलियम पदार्थों की कीमत न बढ़े और घट जाए तो सब को अच्छा लगेगा.

लगे हाथों नीतीश कुमार ने यह भी कहा कि मैं तो खुद इलेक्ट्रिक वाला वाहन प्रयोग करता हूं. यह वाहन पर्यावरण के लिए भी बेहतर है. उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल वाले वाहनों का असर तो सीधे तौर पर कम हो या अधिक पर्यावरण पर होता ही है. आपको बता दें कि देश के कई शहरों में पेट्रोल के दाम 100 रुपये से ऊपर चले गए हैं. वहीं कई स्थानों पर पेट्रोल की कीमतें 95 रुपये से अधिक की दर को छू रही हैं. वहीं, डीजल के दाम में भी लगातार वृद्धि की वजह से आम जनता महंगाई से त्राहि-त्राहि कर रही है.

Input: News18

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD