पटना: CM नीतीश कुमार ने गुरुवार को पटना में अधिकारियों को निर्देश दिया कि ITI में छात्रों को नई टेक्नोलॉजी की ट्रेनिंग दें. छात्रों को ऑनलाइन के साथ-साथ फिजिकल ट्रेनिंग की भी सुविधा दें. सीएम नीतीश ने कहा कि नई तकनीक के सीखने से युवाओं को बेहतर रोजगार उपलब्ध होगा. मुख्यमंत्री के समक्ष श्रम संसाधन विभाग ने आईटीआई में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने को लेकर प्रस्तुतीकरण दिया. इस दौरान बताया गया कि राज्य के सभी 149 आईटीआई में टाटा टेक्नोलॉजी के द्वारा सेंटर ऑफ एक्सीलेन्स स्थापित किया जाएगा.

आत्मनिर्भर बिहार को एक और पहल
बीते दिसंबर में बिहार के 19 सरकारी (आईटीआई) को केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद (एनसीवीटी) के तहत प्रशिक्षण कराने की स्वीकृति दी है. इसे बिहार सरकार के आत्मनिर्भर बिहार अभियान की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. इन संस्थानों में अब युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में रोजगारपरक प्रशिक्षण दिलाया जा सकेगा.

श्रम संसाधन विभाग प्रदेश के युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण देकर रोजगार के लिए दक्ष बनाने को विभिन्न योजनाएं चला रहा है. इसी क्रम में विभाग द्वारा 29 अक्टूबर को केंद्र सरकार से 19 आईटीआई को एनसीवीटी से मान्यता देने का अनुरोध किया गया था. विभाग ने दावा किया है कि राज्य में 20 लाख रोजगार सृजित करने की दिशा में भी यह केंद्र महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे.
इन आईटीआई को मिली प्रशिक्षण की अनुमति
1-सरकारी आईटीआई धमदाहा, पूर्णिया 2- बरसोई, कटिहार, 3- महिला आईटीआई, मरंगा पूर्णिया 4- कैमूर आईटीआई, कैमूर 5- सरकारी आईटीआई, मुजफ्फरपुर पश्चिम 6- सरकारी आईटीआई अरवल 7- महिला आईटीआई, बक्सर 8-सरकारी आईटीआई, पालीगंज, पटना 9- महिला आईटीआई, बेगूसराय 10- सरकारी आईटीआई, तारापुर, 11.सरकारी आईटीआई दाउदनगर, 12. बाबा केवल महाराज आईटीआई दरबा आदि.
Source : Hindustan







