वित्तीय वर्ष 2021-22 के लिए उपमुख्यमंत्री सह वित्त मंत्री तार किशोर प्रसाद पहली बार बजट पेश करेंगे। तार किशोर प्रसाद ने कहा है कि चुनाव के समय में NDA ने जनता से जो भी वादे किये थे, उन पर खरा उतरने वाला बजट होगा। कोरोना के कारण बिहार की अर्थव्यवस्था पीछे चली गई है। नीतीश सरकार इस बजट के जरिए उसे भी पटरी पर लाने का काम करेगी। तारकिशोर प्रसाद लगातार कई दिनों से बजट पेश करने की तैयारी कर रहे हैं। इससे पहले पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने सबसे ज्यादा 13 बार बजट पेश किया है।

दोपहर 1:00 बजे से पेश होगा बजट

सोमवार को सुबह 11:00 बजे से विधानसभा की कार्यवाही शुरू हो जाएगी। पहले प्रश्नोत्तर काल फिर ध्यानाकर्षण सूचना है। उस पर सरकार का जवाब लिया जाएगा। 1:00 बजे से उपमुख्यमंत्री सह वित्त मंत्री तार किशोर प्रसाद अपना पहला बजट सदन में पेश करेंगे। कोरोना महामारी के दौर में आर्थिक चुनौतियों को देखते हुए माना जा रहा है कि इस बार राज्य सरकार का बजट का आकार पहले जैसा ही होगा। बीते साल यह 2 लाख 11 हजार 761 करोड़ रुपए का था। इस बार का बजट भी इसी के आसपास रहने की उम्मीद जताई जा रही है।

आर्थिक सर्वेक्षण में दिखी थी चुनौतियां

कोरोना काल में पेश हो रहे बजट को लेकर बिहार सरकार के सामने कई चुनौतियां है। सरकार के सामने आर्थिक संतुलन को बनाए रखने की चुनौती होगी। कोरोना की वजह से चरमराई वित्तीय व्यवस्था को लेकर बिहार सरकार लगातार चिंतित है। माना जाता है कि आर्थिक सर्वेक्षण में जो परिणाम आए होते है, उसी के मुताबिक राज्य का बजट पेश किया जाता है। बजट सत्र के पहले दिन आर्थिक सर्वेक्षण में पिछले साल की झलक दिखी थी। माना जा रहा है कि इसी अनुरुप बजट भी होगा। हालांकि सरकार ने भरोसा दिलाया है कि इस बार का बजट आमजन के लिए होगा।

Input: Dainik Bhaskar

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD