लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के अध्यक्ष चिराग पासवान अपने नेताओं की बगावत से परेशान होकर नए समीकरण पर काम कर रहे हैं। उन्होंने  दलित-सवर्ण गठजोड़ बनाकर प्रदेश की राजनीति को नया रूप देने की कोशिश की है। उन्होंने राजू तिवारी को प्रदेश लोजपा का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। उन्हें पार्टी के संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है। सांसद प्रिंस राज पहले की तरह पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बने रहेंगे। इसी के साथ चिराग ने अपने करीबी पार्टी प्रवक्ता संजय पासवान को प्रदेश इकाई का प्रधान महासचिव बनाया है।

लोजपा के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि जल्द ही प्रदेश कार्यकारिणी, प्रकोष्ठों एवं जिलाध्यक्षों का ऐलान होगा। दलित और सवर्ण वर्ग के अलावा पिछड़े वर्ग को प्रतिनिधित्व दिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि बिहार में विधानसभा चुनाव के बाद चिराग ने प्रदेश संगठन से लेकर निचले स्तर तक की तमाम इकाइयों और प्रकोष्ठों को भंग कर चुके हैं।

हालांकि राजू तिवारी को कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने से कई नेताओं में अलग तरह की सुगबुगाहट शुरू हो गई है, जो फिलहाल खुले तौर पर बोलने से परहेज कर रहे हैं। ऐसे नेताओं की मानें तो अब सिर्फ प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा का इंतजार है।

गौरतलब है कि हाल ही में लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के 208 नेताओं ने अपने समर्थकों के साथ सामूहिक रूप से जनता दल युनाइटेड (जदयू) का दामन थामा है। विधान परिषद में पार्टी की एकमात्र सदन नूतन सिंह भी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पाले में जा चुकी हैं। वे राज्य के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री नीरज सिंह बबलू की पत्नी हैं, जो छातापुर से भाजपा के विधायक हैं। अपने एकमात्र विधायक राजकुमार सिंह को भी लेकर पार्टी इत्मीनान में नहीं, क्योंकि उन पर भी दूसरे दलों द्वारा डोरे डाले जाने की सूचनाएं मिल रही हैं।

Input: Live Hindustan

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD