बिहार के जमुई जिले से रेप की घटना सामने आई है. जिले के चकाई थाना इलाके के एक गांव में नाबालिग बेटे के सामने ही एक विधवा के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया. रेप की इस घटना को अंजाम गांव के ही एक शख्स और उसके एक रिश्तेदार ने दिया. बुधवार की देर रात जब महिला अपने बेटे के साथ सोई थी तभी घर का दरवाजा तोड़ दो लोगों ने उसे अपनी हवस का शिकार बनाया है. दुष्कर्म के दौरान मारपीट से घायल पीड़िता को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है. इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है.

मानवता और समाज को शर्मसार कर देने वाली यह घटना जमुई जिले के चकाई थाना इलाके के लछिडीह गांव की है. जानकारी के अनुसार गांव के ही 50 साल के सुकदेव यादव जो कि पीड़िता का रिश्ते में भैसुर लगता है ने एक रिश्तेदार महेंद्र यादव के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया है. घटना बुधवार देर रात की है. जब विधवा अपने बेटे के साथ खाना खाकर सोने गई थी तभी घर का दरवाजा तोड़कर सुकदेव और महेंद्र घर मे घुसकर महिला के साथ दुष्कर्म किया.

सुकदेव यादव और महेंद्र यादव दोनों रिश्ते में भाई-बहनोई लगते हैं. दोनों आरोपी राजमिस्त्री का काम करते हैं. पीड़िता और उसके बेटे के अनुसार घर में घुसकर दोनों ने घटना को अंजाम दिया है. घटना के समय 13 साल का नाबालिग मौके पर ही था जिसने अपनी मां की आबरू लूटते देखा. पीड़िता ने बताया कि सुकदेव और महेंद्र ने गांजा पीने के बाद उसके साथ ये काम किया और फिर मारपीट कर धमकी दी है.

रेप पीड़िता घायल मां को लेकर उसका बेटा थाने ले गया फिर उसे चकाई के अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर किया गया. घायल महिला का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है. वहीं मामले की जानकारी के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है. बुधवार की देर रात जिस आवेदन को दिया गया था उसमें दुष्कर्म का जिक्र नहीं था लेकिन जब सदर अस्पताल में महिला ने इस बात को बताया तो महिला थाना की अधिकारी ने पीड़िता का बयान दर्ज किया है. मामले में एसपी प्रमोद कुमार मंडल ने बताया कि आवेदन के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है, साथ ही महिला का फर्दबयान लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है. पीड़िता के पति की मौत 12 साल पहले कैंसर के कारण हुई थी. उसका बड़ा बेटा सूरत में मजदूरी करता है.

Input: News18

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD