बिहार में इन दिनों मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को विधान परिषद में आया गुस्सा चर्चा का विषय बना हुआ है। मंगलवार को राजद विधायक विधानसभा में ब्लड प्रेशर (बीपी) नापने की मशीन लेकर पहुंच गए। वहीं तेजस्वी यादव ने ट्विटर के जरिए सीएम को घेरा। अब लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप ने नीतीश को सलाह दी है। हालांकि खुद छोटी-छोटी बातों पर आपा खो देने वाले तेजप्रताप की यह सलाह यूजर्स को रास नहीं आई और उन्होंने उन्हें जमकर ट्रोल कर दिया।

तेजप्रताप ने नीतीश को दी नसीहत
तेजप्रताप यादव ने नीतीश को नसीहत देते हुए ट्वीट किया, ‘क्रोध एक ऐसा तेजाब है जो उस बर्तन का अधिक अनिष्ट कर सकता है, जिसमें वह भरा होता है न कि उसका जिस पर वह डाला जाता है।’

यूजर्स ने तेजप्रताप को दिखाया आईना
महेश कुमार साहनी ने तेजप्रताप के ट्वीट पर रिप्लाई करते हुए लिखा, ‘जैसा आप लोगो ने किया ऐश्वर्या के साथ ..!’ विवेक श्रवण नाम के यूजर ने लिखा, तेजू भैया, जगदाबाबू का पानी उतारते वक्त आपकी यह बुद्धि कहां चली गई थी? क्रोध के वशीभूत होकर पार्टी दफ्तर में आपने दु:शासन बनकर खुलेआम उनकी इज्जत का चीरहरण कर डाला था।’

अखिलेश सिंह बघेला ने लिखा, ‘इसको आपको खुद फॉलो करना चाहिए।’ राजीव बिहार नाम के यूजर ने कहा, ‘तेजू भैया, अपनी पढ़ी-लिखी पत्नी को जब आप घर से निकाल रहे थे उस वक्त आपकी अक्ल क्या घास चरने चली गई थी? पता नहीं आप अबला के लिए कौन सा तेजाब साबित हुए!’ लिबिर लिबिर ने लिखा, ‘आपको ही देख लो। क्रोध में आकर बीवी को भगा दिए, अब कोई मिल नहीं रही।’
क्या है पूरा मामला
विधान परिषद में सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राजद के विधान परिषद सदस्य सुबोध कुमार पर गुस्सा हो गए थे। नियम के मुताबिक सवाल नहीं पूछे जाने पर नीतीश कुमार आपे से बाहर हो गए। उन्होंने विपक्षी नेता पर भड़कते हुए कहा था कि नियम पता नहीं है और बोले जा रहे हो। मुख्यमंत्री ने उन्हें नियम जानने की सलाह भी दी थी।
Input: Live Hindustan






