मधेपुरा के रतवारा में बेखौफ दबंगों ने बिना आदेश के ऑर्केस्ट्रा करवाया, जिसमें अंधाधुंध गोलियां चलीं, लोगों का सिर फटा, कुर्सियां टूटीं लेकिन किसी ने केस नहीं करवाया। हंगामा होने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर डांस बंद करवा दिया। डांसरों को वापस भेज दिया लेकिन दबंगों का जोर तो देखिए, डांसरों को दुबारा बुलवा कर डांस करवाया गया। ये हम नहीं बल्कि इस कार्यक्रम का वायरल एक वीडियो बता रहा है। इस मामले में पुलिस खुद अपनी नाकामी स्वीकारती है कि कोई कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस का कहना है कि कोई भी केस करने के लिए इच्छुक नहीं है। जबकि OP को दो-दो आवेदन दिए जाने की बात सामने आ रही है।
![]()
OP से महज 200 मीटर की दूरी पर नाचीं बालाएं
यह घटना OP के महज 200 मीटर के पास की है, जहां मुंडन की खुशी में बिना आदेश के आर्केस्टा कराने के दौरान मारपीट, गोलीबारी के साथ जबरदस्त हंगामा हुआ। कार्रवाई नहीं होने से पीड़ित पक्ष में आक्रोश है। घटना को लेकर घायल ने OP को आवेदन भी दिया। बावजूद इसके पुलिस कार्रवाई करने से बच रही है। जबकि उस रात के कार्यक्रम के दौरान बनाए गए कई वीडियो में स्पष्ट देखा जा रहा है कि मंच पर लड़के रायफल लेकर चढ़े थे। बैकग्राउंड से कई बार गोली चलने की आवाज भी आ रही है। हंगामे के दौरान माइक से कार्यक्रम रोकने की भी बात कही जा रही है। वहां मौजूद आलमनगर के कई प्रतिष्ठित जनप्रतिनिधि से भी कुछ लड़के बकझक किए थे। शराब की बोतल से मारपीट किए जाने के कारण एक लड़के का सिर फट गया। अस्पताल में सिर से शीशा निकाला गया। हंगामे के दौरान दर्जनों कुर्सियों को तोड़ दी गई। इतना सबकुछ होने के बावजूद रतवारा OP की पुलिस के लिए यह सब बातें साधारण है। घटना 14 मार्च की है।
![]()
घायल के आवेदन पर नहीं दर्ज किया केस
14 मार्च को रतवारा में राजेश शर्मा के बच्चे का मुंडन हुआ था। उसी की खुशी में बिना आदेश के आर्केस्ट्रा कराया गया। यहां कई लड़के अवैध हथियार लेकर पहुंचे। कइयों ने शराब का भी सेवन किया हुआ था। जब आर्केस्ट्रा डांस शुरू हुआ तो रुक-रुक कर हंगामा होने लगा। रतवाड़ा वार्ड-2 निवासी घायल निक्सन चौधरी ने रतवारा ओपी में आवेदन देकर 10 लोगों पर गाली-गलौज एवं मारपीट कर जख्मी करने का आरोप लगाया है। उसने बताया कि 15 मार्च की सुबह 4 बजे वह राजेश शर्मा के दरवाजे पर मुंडन के अवसर पर प्रोग्राम देखने लगा। तभी दीपक कुमार, राजेश शर्मा, अमन शर्मा, विशाल कुमार उर्फ घोघन शर्मा, सन्यात कुमार शर्मा, अनिल शर्मा, गोविंद शर्मा, अमर शर्मा, चंदन शर्मा, प्रिंस शर्मा ने उससे कहा कि यहां क्यों आए हो? फिर गाली-गलौज करते हुए अनिल शर्मा के कांच की बोतल उसके सिर पर मार दिया, जिससे उसका सिर फट गया। तेज धारदार हथियार से गाल काट दिया। बचाने आई मां से भी मारपीट की। मारपीट के दौरान अमर कुमार के पास बड़ा वाला हथियार था, जिससे उसने फायरिंग भी की।

जिम्मेदार OP अध्यक्ष ने झाड़ा पल्ला
घटना के बाबत ओपी अध्यक्ष रामनिवास चौधरी ने बताया कि मुंडन में ऑर्केस्टा कराया जा रहा था। डेढ़ बजे रात को सूचना मिली कि ऑर्केस्टा में फायरिंग हो गई। शराब पीकर लोग बदमाशी कर रहे हैं। इसके बाद वहां गए और आकेस्ट्रा बंद करा दिए। उसके बाद डांसरों को वहां से ऑटो से निकलवा दिए। लोगों की भीड़ भी हटवा दिए और तीन बजे कैंप पर आ गए। बाद में पता चला कि उनलोगों ने आर्केस्ट्रा की डांसरों को दोबारा बुलाया और फिर से डांस कराया। उन्होंने बताया कि गोली चलने की पुष्टि नहीं हुई। कोई केस कराने को इच्छुक नहीं है।
Source : Dainik Bhaskar








