मुंबई: महाराष्ट्र (Maharashtra) में एंटीलिया केस और मनसुख हिरेन की मौत (Mansukh Hiren Death Case) के मामले ने सूबे का सियासी पारा एक बार फिर गर्मा दिया है. इस बीच मुंबई (Mumbai) के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह (Parambir Singh) ने महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख (Anil Deshmukh) पर गंभीर आरोप लगाए हैं. परमबीर सिंह ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री को जो चिट्ठी लिखी है उसमें कहा गया है कि अनिल देशमुख हर महीने 100 करोड़ रुपये मांगते थे. पत्र में उन्होंने ये भी लिखा है कि सचिन वझे (Sachin Vajhe) को अनिल देशमुख ने ही आदेश दिया था.

100 करोड़ महीना वसूली का टारगेट: परमबीर सिंह
परमबीर सिंह ने सीएम उद्धव ठाकरे को लिखी चिठ्ठी में कहा, ‘सचिन वझे को अनिल देशमुख ने वसूली करने को कहा था. सचिन वझे ने खुद मुझे इस बारे में बताया था.’ परमबीर सिंह ने चिट्ठी में आरोप लगाया कि अनिल देशमुख ने सचिन वाझे को कई बार उनके सरकारी निवास पर बुलाया था और हर महीने 100 करोड़ की वसूली का टारगेट दिया था. आरोप के मुताबिक, ‘देशमुख ने वाझे से ये कहा था कि मुंबई में 1750 बार और रेस्टारेंट हैं. हर एक से दो तीन लाख रुपए महीना वसूला जाए तो 50 करोड़ बन जाते हैं बाकि रकम अन्य जगह यानी सोर्स से वसूली जा सकती है.’

सांसद सुसाइड केस में भी बनाया दबाव
परमबीर सिंह ने चिट्ठी में दादरा नगर हवेली के सांसद मोहन डेलकर के सुसाइड केस में भी दबाव डालने का आरोप लगाया. परमबीर सिंह के आरोपों के मुताबिक गृहमंत्री अनिल देशमुख पहले दिन से ही चाह रहे थे कि खुदकुशी के लिए उकसाने का मामला दर्ज हो. परमबीर सिंह ने इस मामले में ये लिखा, ‘मेरी राय थी कि अगर किसी तरह का खुदकुशी के लिए उकसाने का काम हुआ भी है तो ये मामला मुंबई की बजाय दादरा नगर हवेली में दर्ज होना चाहिए.’

गृह मंत्री की सफाई
इस बीच राज्य के गृह मंत्री देशमुख ने आरोपों से इनकार किया है. उन्होंने ट्वीट करके इन आरोपों को बेबुनियाद करार दिया है. देशमुख ने लिखा कि संबंधित मामलों में खुद को बचाने के लिए ये भ्रामक आरोप लगाए गए हैं.

बीजेपी ने मांगा इस्तीफा
ताजा घटनाक्रम के बीच सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) ने इस पूरे घटनाक्रम को लेकर अनिल देशमुख के इस्तीफे की मांग की है. फडणवीस ने कहा, ‘महाराष्ट्र में शायद ये ऐसा पहला मामला हो जब किसी बड़े पुलिस अधिकारी ने सीएम को इतने गंभीर आरोप लगाते हुए चिठ्ठी लिखी हो, ऐसे में परमबीर सिंह के ये खुलासे जिलेटिन की छड़ों से भी ज्यादा विस्फोटक हैं. इसलिए फौरन देशमुख को पद से हटाने के साथ पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए’
The former Commissioner of Police, Parambir Singh has made false allegations in order to save himself as the involvement of Sachin Waze in Mukesh Ambani & Mansukh Hiren’s case is becoming clearer from the investigation carried out so far & threads are leading to Mr. Singh as well
— ANIL DESHMUKH (@AnilDeshmukhNCP) March 20, 2021
नार्को टेस्ट की मांग
गृहमंत्री अनिल देशमुख के वसूली के आरोप और देशमुख की सफाई के बाद बीजेपी सांसद मनोज कोटक का आया बयान है. उन्होंने कहा, ‘ये एक्सटॉर्शन की सरकार है इस चिट्ठी से ये सच सामने आया है. इसलिए देशमुख, परमबीर सिंह और सचिन वझे तीनों का नारको टेस्ट होना चाहिए.’
Source : News18






