पटना नगर निगम क्षेत्र के शिक्षण संस्थाओं में छात्राओं के लिए बने शौचालयों की दयनीय स्थिति पर पटना हाईकोर्ट ने कहा कि कोर्ट देश के भविष्य को देख रहा है और आप लोग फंड का राग अलाप रहे हैं। कोर्ट ने जब स्कूल के प्रिंसिपलों से सवाल करना शुरू किया तो उनकी स्थिति देखने लायक थी।

कोर्ट ने बांकीपुर गर्ल्स हाई स्कूल के प्रिंसिपल से जानना चाहा कि फादर ऑफ द नेशन महात्मा गांधी को जानते हैं, उनके बारे में पढ़े हैं। शर्म आती है आप लोगों को कोर्ट में बुला कर। आप कैसे शिक्षण संस्थान को चलाते हैं। कोर्ट में आकर झूठ बोलते हैं। शिक्षण संस्थान घर के समान होता है। जब आप अपना घर साफ रख सकते हैं तो फिर शिक्षण संस्थानों को क्यों नहीं साफ रखते हैं।

कोर्ट ने कहा कि पटना शहर स्मार्ट सिटी में शुमार है और यहां के गर्ल्स स्कूलो में शौचालय नहीं है। जहां शौचालय है तो साफ नहीं है। यह जानकर आपको अच्छा लगता है। आपको पता है कि देश का भविष्य आपके हाथों में है। उन्हें कैसी जानकारी दे रहे हैं। कोर्ट के इन सवालों से बांकीपुर गर्ल्स हाई स्कूल के प्रिंसिपल हक्का-बक्का रह गए। कुछ नहीं बोल पाए।

वहीं, लोकेश्वरी महिला हाई स्कूल की प्रिंसिपल ने कोर्ट को बताया कि आगे से शिकायत का मौका नहीं दिया जाएगा। शौचालय को साफ सुथरा कर दिया गया है और आगे भी साफ सुथरा रखा जाएगा। कोर्ट ने कहा कि शहर के ज्यादातर शिक्षण संस्थानों में शौचालय साफ सुथरा नहीं है। वहीं, सरकार की ओर से बताया गया कि बांकीपुर गल्र्स हाई स्कूल से पुलिस बल को हटा दिया गया है।

समस्या का समाधान निकालने का आदेश

सभी की ओर से दी गई जानकारी के बाद कोर्ट ने शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव को उन्हें अपने स्तर से हलफनामा दायर कर कोर्ट को शौचालयों के फंड के बारे में पूरी जानकारी देने का आदेश दिया। साथ ही नगर निगम के आयुक्त को भी समस्या का समाधान निकालने का निर्देश दिया।

Input: Live Hindustan

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD