पटना पुलिस ने होली को लेकर सुरक्षा के तगड़े इंतजाम किए हैं। अलग-अलग जगहों पर पुलिस फोर्स को तैनात किया गया है। संवेदनशील इलाकों में विशेष नजर रखी जा रही है। क्यूआरटी के जवानों को अलर्ट रहने को कहा गया है। होलिका जलने के बाद से ही सभी थानों की पुलिस को ऑन रोड रहने को कहा गया है। कोरोना के मद्देनजर भीड़-भाड़ को लेकर जारी हुए नियम का अगजा और होली के दिन पालन करना होगा। पुलिस इसपर भी नजर रखेगी की लोग मास्क का इस्तेमाल कर रहे हैं या नहीं।

कानून हाथ में लेने वालों पर होगी कार्रवाई

पर्व के दौरान अगर किसी ने भी कानून को हाथ में लेने की कोशिश की तो उसपर फौरन कार्रवाई की जाएगी। होली के दिन सुबह से ही हर थाने की पुलिस ऑन रोड रहेगी। वाहनों की चेकिंग की जाएगी। कहीं से भी अगर किसी घटना या हादसे की खबर आती है तो फौरन पुलिस वहां पहुंचेगी।

शराब माफियाओं पर नजर

शराब के धंधे पर नकेल कसने के लिए पुलिस पूरी तरह से तैयार है। शराब माफियाओं की खबर मिलते ही छापेमारी की जाएगी। होली के दौरान अगर कहीं भी पुलिस को शराब पार्टी की खबर मिलेगी तो वहां भी छापेमारी होगी। नशे में घूमने वाले लोगों को जेल जाना होगा। सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर वाहनों की चेकिंग होगी। सादे लिबास में भी पुलिस के जवानों को लगाया गया है।

पर्व के दौरान सक्रिय हैं चोर गैंग, पुलिस अलर्ट

होली के दौरान काफी संख्या में लोग अपने गांव घरों को जाते हैं। ऐसे में चोर गिरोह की नजर खाली घरों पर रहती है। लिहाजा देर रात भी सभी थानों की पुलिस को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। अपार्टमेंट्स के आसपास पुलिस लगातार गश्त करेगी।

महत्वपूर्ण मोबाइल नंबर

पुलिस कंट्रोल रूम – 100
एसएसपी पटना : 9431822967
एसपी सिटी पटना सेंट्रल : 9431822969
एसपी सिटी पटना ईस्ट : 9473400336
एसपी सिटी पटना वेस्ट : 9473400335
एसपी ग्रामीण : 9431822968

Input: Live Hindustan

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD