बिहार के भागलपुर के बरारी थाना क्षेत्र के मायागंज के रहने वाले सरकारी कर्मी संजय कुमार यादव (44) की बरारी पुलिस की हिरासत में मौत हो गई। सोमवार को दोपहर में मायागंज में हुई मारपीट की घटना में पूछताछ के लिए रात लगभग 10 बजे संजय को पुलिस ने हिरासत में लिया था और रात 11 बजे उसकी मौत हो गई।

मौत के बाद आक्रोशित लोगों ने 12 घंटे तक बरारी थाना को घेरे रखा। मंगलवार की सुबह लगभग 11 बजे लोग थाना से हटे। संजय कुमार बांका जिले के कटोरिया में लघु सिंचाई विभाग में बड़े बाबू के पद पर कार्यरत थे। घटना के बाद एसएसपी निताशा गुड़िया ने बरारी थानाध्यक्ष को लापरवाही के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। घटना की न्यायिक जांच भी शुरू हो गई है।

वहीं इस मामले पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेज प्रताप यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पुलिस प्रशासन पर निशाना साधा है। उनका कहना है कि पुलिस प्रशासन को दरिंदगी करने की पूरी छूट मिली हुई है। तेजप्रताप ने ट्वीट कर कहा, ‘काले कानून से कलंकित बिहार के हत्यारे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने पुलिस प्रशासन को दरिंदगी करने की पूरी खुली छूट दे दी है। तेरी ‘हत्यारी अंतरात्मा’ को आऽथू ..!’

थानेदार निलंबित

एसएसपी निताशा गुड़िया मंगलवार सुबह मौके पर पहुंची और उन्होंने इससे जुड़़े सभी सबूतों को देखा। उन्होंने परिजनों और कर्मियों से पूछताछ की। जांच के बाद उन्होंने थानेदार प्रमोद कुमार को निलंबित कर दिया। साथ ही मामले की न्यायिक जांच का भरोसा दिया।

क्या है पूरा मामला

दरअसल, सोमवार को पांच बजे रंद लगाने को लेकर दो बच्चे आपस में लड़ाई करने लगे। बच्चों के बाद मामला बड़ों के पास पहुंचा। इसके बाद दोनों पक्षों में लगभग आधे घंटे तक विवाद हुआ। मारपीट होती देख किसी ने पुलिस को इसकी सूचना दे दी। थाना अध्यक्ष प्रमोद कुमार वहां पहुंचे और लोगों को वहां से हटाया।

Input: Live Hindustan

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD