बिहार में बढ़ते कोरोना संक्रमण को लेकर बिहार में नीतीश सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. इसके तहत अब बिहार में अब 18 अप्रैल तक बंद रहेंगे शिक्षण संस्थान. इतना ही नहीं, शाम 7 बजे तक ही दुकानें खुलेंगी. इसके साथ ही धार्मिक संस्थान भी 30 अप्रैल तक बंद रहेंगे. पब्लिक ट्रांसपोर्टों में 50 परसेंट ही लोग बैठेंगे. इसकी जानकारी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मीडिया से बात करते हुए यह जानकारी दी. बाद में लिये गये निर्णय की डिटेल्स जानकारी स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत ने जानकारी दी.

पब्लिक ट्रांसपोर्ट में 50 परसेंट तक बैठने की अनुमति
कोरोना को लेकर बिहार में नीतीश सरकार का बड़ा फैसला. स्कूल, कॉलेज व कोचिंग संस्थान अब 18 अप्रैल तक बंद रहेंगे. शैक्षणिक संस्थान पहले 11 अप्रैल तक के लिए बंद किये गये थे. लेकिन अब एक सप्ताह के लिए इसे बढ़ा दिया गया है. इसके अलावा, धार्मिक संस्थान 30 अप्रैल तक बंद रहेंगे. इस दौरान शहर से लेकर गांव-कस्बों की दुकानें शाम 7 बजे ही बंद हो जाएंगी. पब्लिक ट्रांसपोर्ट में 50 परसेंट ही यात्रियों के बैठने की दी गई है अनुमति. रेस्टूरेंट, ढाबा और भोजनालय में अपने क्षेत्र का 25 प्रतिशत का उपयोग करेंगे. सभी सिनेमा हॉल 50 परसेंट दर्शक का ही उपयोग करेंगे. व्यवसायिक और गैर व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में 33 परसेंट कर्मचारी ही मौजूद रहेंगे. शादी में अब 200 लोग ही शामिल होंगे, जबकि श्राद्ध कर्म में अब 50 लोग ही शामिल होंगे.

कोरोना मरीजों की बढ़ती रफ्तार से नीतीश काफी चिंतित
बिहार में कोरोना की दूसरी लहर की बढ़ती रफ्तार देख मुख्यमंत्री नीतीश कुमार काफी चिंतित हो गए हैं. इसे लेकर उन्होंने देर शाम सीएम आवास स्थित संवाद भवन में अधिकारियों के संग आपात बैठक की. मौके पर उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रयाद, सीएम के प्रधान सचिव दीपक कुमार, चंचल कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बाबत अधिकारियों को कई निर्देश दिए. कहा, दूसरे प्रदेशों से आने वाले लोगों का हर हाल में टेस्ट कराया जाएगा. दुकानों पर मास्क लगाना अनिवार्य रहेगा.
कोरोना पर राज्यपाल के साथ सर्वदलीय बैठक जल्द
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा, बिहार में फिलहाल नाइट कर्फ्यू नहीं लगेगा. अगले 3-4 दिनों में स्थिति का जायजा लेने के बाद फिर से समीक्षा की जाएगी. इसके बाद फैसला लिया जाएगा. उन्होंने यह भी कहा, अगले 4-5 दिनों में सर्वदलीय बैठक भी बुलाई जाएगी. कोरोना के मामले प्रदेश में बढ़ते जा रहे हैं. इसके लिए तमाम तैयारियां की जा रही हैं. इसके लिए राज्यपाल से भी बात की जा रही है. इसके पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी कोरोना के बढ़ते संक्रमण को लेकर बातें हुई हैं. सर्वदलीय बैठक की जल्द ही तारीख तय कर ली जाएगी.
मुंबई से बिहार आ रहे यात्रियों में से 23 कोरोना पॉजिटिव
बाहर यानी दूसरे राज्यों से बिहार आने वाले यात्री अपने साथ कोरोना भी ला रहे हैं. आज पटना एयरपोर्ट और पटना जंक्शन पर जब मुंबई से पहुंचे यात्रियों की जांच हुई तो उनमें से 23 कोरोना पॉजिटिव पाए गए. पटना की सिविल सर्जन डॉ विभा कुमारी सिंह के अनुसार, मुंबई से कुर्ला-पटना एक्सप्रेस से आज 655 यात्री पटना पहुंचे. इसमें 17 कोरोना पॉजिटिव पाए गए. दूसरी ओर, हवाई जहाज से आए 6 यात्री भी पॉजिटिव पाए गए हैं. दोनों जगहों पर यात्रियों के एंटीजन टेस्ट किए जा रहे हैं. बता दें कि बिहार में रिकॉर्ड की संख्या में कोरोना के नए मरीज मिल रहे हैं. इसकी संख्या में पर डे 2000 के करीब पहुंच गई है. सबसे ज्यादा पटना में मिल रहे हैं मरीज.
Input: Live Cities








