बंगाल की राजनीति में चुनाव के दौरान प्रशांत किशोर की पत्रकारों के साथ एक वीडियो चैट ने भूचाल ला दिया है. बीजेपी आईटी सेल के हेड अमित मालवीय ने प्रशांत किशोर का पत्रकारों से बातचीत का एक ऑडियो जारी किया है. चैट में ममता का चुनावी कैंपेन संभाल रहे प्रशांत किशोर कुछ पत्रकारों से बातचीत कर रहे हैं. किशोर पीएम मोदी की तारीफ करते हुए बंगाल चुनाव में बीजेपी की मजबूती की बात करते हुए सुनाई दे रहे हैं.

हालांकि इस चैट में शामिल पत्रकार रोहिणी सिंह और साक्षी जोशी ने ट्वीट कर कहा है कि अमित मालवीय ने बातचीत के सेलेक्टिड ऑडियो ही जारी किया है. प्रशांत किशोर की वो बात जारी नहीं की है जिसमें वह ममता की जीत का दावा लगातार कर रहे हैं. उन्होंने कहा, प्रशांत ने इस चैट में हमेशा यही कहा कि टीएमसी ही जीत रही है.

लीक चैट को लेकर प्रशांत किशोर की सफाई भी आई है. प्रशांत किशोर ने कहा, “मुझे इस बात की खुशी है कि बीजेपी के लोग अपने नेताओं के बयान से ज्यादा मेरी क्लब हाउस चैट को ज्यादा गंभीरता से ले रहे हैं. मेरी उनसे अपील है कि चैट के कुछ हिस्से को छोड़कर पूरी बातचीत को जारी करें. जो हिस्सा जारी किया गया है उसमें इस सवाल का जवाब दिया जा रहा था कि कैसे बीजेपी को 40% वोट मिल रहे हैं और कैसे ये सोच बन गई है कि बीजेपी जीत रही है.”

प्रशांत किशोर के बीजेपी की तारीफ वाले ऑडियो पर बीजेपी सांसद लॉकेट चटर्जी ने प्रतिक्रिया दी है. लॉकेट चटर्जी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में ममता सरकार ने जो भ्रष्टाचार किए हैं उसकी वजह से टीएमसी हार रही है. उसी का प्रमाण प्रशांत किशोर का ये बयान है.

Input: Abp Bihar

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD