बिहार में कोरोना संक्रमण काबू में नहीं आ रहा है। एक अप्रैल से राज्य में जिस रफ्तार से संक्रमित मिलने शुरू हुए हैं उसमें कमी आने की बजाय रफ्तार बढ़ती जा रही है। करीब 230 दिन बाद शुक्रवार को एक बार फिर 2174 कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसके पहले 23 अगस्त को बिहार से एक दिन में 2247 कोरोना पॉजिटिव मिले थे। इस बीच एक दिन पहले हुई समीक्षा बैठक में नीतीश कुमार ने कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए सख्ती का संकेत दिया है।

मामले और बढ़े तो रात में लगेगा कर्फ्यू

मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित संवाद कक्ष में सीएम नीतीश कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को उच्चस्तरीय बैठक हुई। इसमें कई महत्वपूर्ण फैसले लेने के दौरान मुख्यमंत्री ने बिहार में रात्रि कर्फ्यू पर भी चर्चा की। यह तय हुआ कि चार-पांच दिन पूरी स्थिति नजर रखी जाएगी। अगर मामले और बढ़े तो इस बारे में सोचा जाएगा। यानी अगर राज्य में कोरोना की चेन पर लगाम नहीं लगती है तो यूपी की तरह बिहार में भी रात के समय कर्फ्यू लग सकता है।

स्कूल-कॉलेज 18 तक बंद

कोरोना संक्रमण के प्रकोप को देखते हुए बिहार सरकार ने राज्य के सभी स्कूल, कॉलेज व कोचिंग संस्थानों को 18 अप्रैल तक बंद करने का आदेश दिया है। पूर्व से तय परीक्षाएं अपने समय पर होंगी। वहीं सभी तरह के व्यावसायिक प्रतिष्ठान अगले तीस अप्रैल तक शाम सात बजे तक ही खुले रहेंगे। अकस्मिक सेवा जैसे मेडिकल स्टोर इत्यादि पर सरकार की बंदिशें लागू नहीं होंगी। सभी धार्मिक स्थल आमजनों के लिए तीस अप्रैल तक बंद रहेंगे। निजी दफ्तर 33 फीसद उपस्थिति के साथ ही चलेंगे, औद्योगिक प्रतिष्ठानों को छूट रहेगी। सरकारी दफ्तरों में उप सचिव से ऊपर के अधिकारी की शत प्रतिशत उपस्थिति रहेगी, नीचे के 33 प्रतिशत कर्मी ही आएंगे। वहीं रेस्टोरेंट व भोजनालय अपनी क्षमता के केवल 25 फीसद ग्राहकों को ही सेवा देंगे। वहीं राज्य के पब्लिक ट्रांसपोर्ट अपनी क्षमता का पचास फीसदी ही उपयोग करेंगे।

सिर्फ नौ जिलों से मिले 1445 संक्रमित

प्रदेश के नौ जिलों से आज सर्वाधिक पॉजिटिव मिले हैं। इन जिलों में पहले नंबर पर पटना है। पटना से आज 661 पॉििजटव मिले। इसके बाद गया का नंबर आता है। गया से 191, भागलपुर से 163, मुजफ्फरपुर से 106, जहानाबाद से 73, सारण से 71, मुंगेर से 70, समस्तीपुर से 56, रोहतास से 52 संक्रमित मिलाकर कुल 1445 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।

संक्रमितों की संख्या बढ़कर नौ हजार के पार

2174 संक्रमित मिलने के साथ ही राज्य में एक्टिव केस की संख्या नौ हजार के पार हो गई है। राज्य में अब कुल संक्रमित 9357 हो गए हैं। बता दें कि राज्य में एक अप्रैल को एक्टिव केस की संख्या 1907 थी। आज नौ दिन में बढ़कर यह नौ हजार के पार हुई है।

पांच दिन से लगातार बढ़ाए जा रहे कोविड टेस्ट

स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार संक्रमण को नियंत्रण में करने के लिए कोविड टेस्ट की संख्या लगातार बढ़ाई जा रही है। शुक्रवार को 90751 टेस्ट किए गए। इसके पूर्व गुरुवार को 89704 टेस्ट किए गए थे। पांच दिन पहले तक 72400 के करीब टेस्ट रोज हो रहे थे।

Input: Dainik Jagran

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD