PATNA: बिहार में कोरोना गाईडलाइन का पालन नहीं किया जा रहा है।शादी-ब्याह व श्राद्ध कार्यक्रम में सरकारी आदेश को ठेंगा दिखाकर बड़ी संख्या में लोगों की भींड जुट रही। इससे परेशान बिहार पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों के एसपी को पत्र लिखा है. अपर पुलिस महानिदेशक लॉ एंड ऑर्डर अमित कुमार की तरफ से यह पत्र जारी किया गया है.

एडीजी लॉ एंड ऑर्डर ने सभी एसपी को भेजा पत्र

सभी एसपी को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि 18 अप्रैल 2021 को निर्गत दिशानिर्देश का दृढ़ता पूर्वक अनुपालन सुनिश्चित कराएं. कोरोना के बढ़ते संक्रमण के मद्देनजर बिहार सरकार ने शादी विवाह समारोह, श्राद्ध कार्यक्रम में उपस्थिति की संख्या निर्धारित की है. आयोजकों को अपने अधीनस्थ संबंधित थानाध्यक्ष के माध्यम से सूचित कराया जाए कि दिए गए मापदंड से अधिक संख्या में लोग उपस्थित न हों। आयोजन स्थल पर मास्क, सैनिटाइजर एवं सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन सुनिश्चित कराएं.

शादी-ब्याह में 100 से अधिक लोग शामिल हुए तो कार्रवाई

एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमित कुमार ने स्पष्ट किया है कि सभी थानाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्र में इस आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराएं. बता दें कि कोरोना संकट के मद्देनजर राज्य सरकार ने शादी विवाह में अधिकतम 100 लोगों की संख्या तय की है।इससे अधिक की उपस्थिति पर कार्रवाई का आदेश दिया गया है।

Source : News4Nation

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD