पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान खत्म होने के बाद सामने आए एग्जिट पोल्स के मुताबिक टीएमसी और बीजेपी के बीच कड़ी टक्कर दिख रही है। कुछ एग्जिट पोल्स में ममता बनर्जी के नेतृत्व में तृणमूल कांग्रेस की हैट्रिक का दावा किया गया है तो कुछ एग्जिट पोल्स में भारतीय जनता पार्टी की जीत का अनुमान लगाया गया है। हालांकि, दो बातें सभी एग्जिट पोल्स में समान दिख रही हैं, पहली कांग्रेस-लेफ्ट गठबंधन की दुर्गति और दूसरी चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर का दावा फेल हो सकता है और उन्हें नया काम तलाशना पड़ सकता है।

पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर कई बार सार्वजनिक रूप से इस बात का ऐलान कर चुके हैं कि यदि बीजेपी की सीटें 100 के पार हुईं तो वह अपना काम छोड़ देंगे। पहली बार जब उन्होंने ट्विटर पर यह ऐलान किया तो आईपैक के उनके कुछ सहयोगियों ने दावा किया कि पीके ट्विटर छोड़ने की बात कर रहे हैं। लेकिन हाल ही में पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर के सलाहकार बने प्रशांत किशोर ने न्यूज चैनल आजतक से इंटरव्यू में साफ किया था कि वह चुनावी रणनीतिकार का काम छोड़ देंगे। उन्होंने कहा था कि यदि बीजेपी की 100 से सीटें आती हैं तो उनके काम का कोई मतलब नहीं रह जाता है।

कुछ एग्जिट पोल्स दावा किया गया है कि पश्चिम बंगाल में 10 सालों से सत्ता पर काबिज ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस एक बार सरकार बनाने में कामयाब हो जाएगी तो वहीं पिछले चुनाव में महज 3 विधायकों वाली भारतीय जनता पार्टी को बड़ा फायदा होता दिख रहा है। सभी एग्जिट पोल्स में बीजेपी को 100 के पार दिखाया गया है तो 4 एग्जिट पोल्स में उसे बहुमत से लेकर बंपर सीटें तक मिलने का अनुमान जताया गया है।

Input: Live Hindustan

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD