अरब सागर में आए तूफान ‘टाक्टे’ का बिहार पर भी असर दिखेगा। आज यानी मंगलवार को उत्तर प्रदेश से तूफान के कमजोर होने पर बिहार के कुछ जिलों में इसका प्रभाव दिख सकता है। 18 से 20 मई को राज्य के कई जिले में मौसम में बदलाव के साथ तेज हवा और तापमान में गिरावट की संभावना है। बताया जा रहा है कि टाक्टे के कमजोर हो जाने से बादलों का उत्तर प्रदेश और बिहार के तरफ आने की संभावना है। इस बीच पटना समेत पूरे प्रदेश में फिलहाल उमस से काफी परेशानी बढ़ गई है। मौसम विज्ञानियों का कहना मंगलवार को तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है। अरब सागर में आए तूफान के कारण राज्य के आकाश में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं।

बक्सर सबसे गर्म शहर रहा

एक दिन पहले सोमवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बक्सर राज्य का सर्वाधिक गर्म स्थान रहा। वहां पर तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस रहा। गया में अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी संजय कुमार ने कहा कि वर्तमान में राजधानी समेत पूरे प्रदेश में भीषण गर्मी पड़ रही है। सर्वाधिक परेशानी लोगों को उमस से हो रही है। तेज धूप व उमस से लोगों को घर के अंदर रहने में भी परेशानी हो रही है। वहीं बाहर निकलने पर गर्म हवा लोगों के चेहरे को झुलसा रही है।

मौसमी फल व हरी सब्जियों से गर्मी से होगा बचाव

पीएमसीएच के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. राकेश कुमार शर्मा ने कहा कि भीषण गर्मी में ब’चों को बचाना बहुत जरूरी है। ऐसे में जरूरी है कि ब’चों को तेज धूप में बाहर न जाने दें। घर के अंदर भी ब’चों को ठंडे में रखें। समय-समय पर पानी पिलाते रहें। वर्तमान में शरीर से बराबर पसीना निकल रहा। ऐसे में शरीर को पानी की जरूरत है। इसके अलावा लोगों को फिलहाल मौसमी फलों के सेवन से शरीर में पानी समुचित रूप से मिल सकता है।

चेहरा ढंककर ही बाहर निकलें

पीएमसीएच के वरिष्ठ चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. अभिषेक कुमार ने कहा, अगर मौसमी फल एवं हरी सब्जियों का सेवन किया जाए तो त्वचा को झुलसने से बचा जा सकता है। डॉ. अभिषेक का कहना है कि वर्तमान में काफी तेज धूप हो रही है। ऐसे में शरीर के बाहरी भाग को झुलसने से बचाने के लिए जरूरी है कि पूरे शरीर को सूती कपड़े से ढंककर बाहर निकलें। कपड़ा ढीला हो। ज्यादा चुस्त कपड़ा पहनना परेशानी का कारण हो सकता है।

Input: Dainik Jagran

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD