कोरोना संकट के बीच बिहार में कोई भूखा न सोये इस इरादे के साथ सीएम नीतीश कुमार ने प्रदेश में सामुदायिक किचन की शुरुआत की है। सीएम खुद निगरानी भी कर रहे हैं। वह लगातार वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए न सिर्फ प्रदेश के विभिन्‍न जिलों में चल रहे सामुदायिक किचन का हाल देख रहे हैं बल्कि वहां भोजन ग्रहण करते लोगों से बातचीत कर उनके अनुभव भी जान रहे हैं। सीएम का मकसद जमीनी हकीकत से रूबरू होना है लेकिन इस बीच वैशाली जिले से वायरल हो रहे एक वीडियो में सीएम की वाहवाही के लिए अधिकारियों की अलग ही कोशिश नज़र आ रही है। इस वीडियो में एक शख्‍स एक बुजुर्ग को सीएम से बातचीत के दौरान सामुदायिक किचन की तारीफ करना सिखाता नज़र आ रहा है। पता चला कि यह वीडियो वैशाली जिला मुख्यालय स्थित राज्य संपोषित बालिका उच्च विद्यालय का है।

सीएम इस किचन से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए जुडऩे वाले थे। इसे सीएम का वर्चुअल दौरा कहा जा रहा है। सोमवार को अधिकारियों ने सुबह से ही सामुदायिक किचन पर इंतजाम शुरू कर दिए थे। किचन पर बैनर-पोस्‍ट भी लगाए गए थे। सुबह से ही साफ-सफाई से लेकर हर इंतजाम की निगरानी वरिष्‍ठ अधिकारी खुद कर रहे थे। जिले के कई वरिष्‍ठ अधिकारी सुबह से ही वहां जमा थे। इसी बीच एक शख्‍स बुजुर्ग को किचन की तारीफ करना सिखाता नज़र आया। अब इसे अधिकारियों का मैनेजमेंट कहकर आलोचना हो रही है। वीडियो में नज़र आ रहा शख्‍स बुजुर्ग को समझाते दिख रहा है कि सीएम साहब को क्या कहना है। कैसे अपनी बात को रखना है। बुजुर्ग को बताया जा रहा है कि उसे सब अच्‍छा है बताना है।

सीएम ने ली जानकारी

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए राज्य के सभी जिलों के रसोई केंद्रों पर की गई व्यवस्था की गहन जानकारी ली। सीएम नीतीश ने इस दौरान रसोई की व्यवस्था, भोजन पकाने में इस्‍तेमाल की जाने वाली सामग्री, खाने के दौरान बैठने की व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल की व्यवस्था, खाने वाले लोगों की संख्या आदि के बारे में जानकारी ली।

अधिकारियों का ये कहना है

बुजुर्ग को सामुदायिक किचन की तारीफ सिखाते वायरल वीडियो के बारे में संबंधित अधिकारियों से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि वीडियो में जो आदमी बुजुर्ग को समझाते दिख रहा है वो आईटी से जुड़ा है और वह बुजुर्ग से यही कह रहा है कि जब वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान आपसे कुछ जाए तो क्या बताना है। वीडियो में भी वह आदमी बुजुर्ग से यह कह रहा है कि यहां खाने पीने की कोई समस्या नहीं है, दो समय का भोजन मिलता है।

सीएम ने कहा-अच्‍छा भोजन बनवाएं

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए वैशाली के राज्य संपोषित बालिका उच्च विद्यालय के अलावा महुआ के वैशाली विद्यालय में भी संचालित सामुदायिक रसोई का हाल जाना। इस दौरान उन्‍होंने अधिकारियों से कहा कि वे समय पर अच्छा भोजन लोगों को करवाएं। खाने वाले लोगों से भी बात कर मुख्यमंत्री संतुष्ट हुए। मुख्यमंत्री ने कोविड केयर में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों को दिए जाने वाले भोजन के बारे में भी पूछताछ की।

महुआ के वैशाली विद्यालय में चल रहे सामुदायिक किचन के ऑनलाइन निरीक्षण में मुख्यमंत्री 12:50 बजे किचन से ऑनलाइन हुए। उन्‍होंने रसोई से संबंधित विभिन्न जानकारियां ली। उन्‍होंने वहां बने चावल, दाल, सब्जी, सलाद आदि को देखा। इसके बाद भोजन कर रहे लोगों को भी ऑनलाइन देखकर उनसे खाने के बारे में जानकारी हासिल की। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खाना खा रही मीरा और ललिता से पूछा कि कैसा लगा खाना, सब ठीक-ठाक है ना। मुख्यमंत्री के पूछने पर ललिता और मीरा ने सिर हिलाया। उसके सिर हिलाने पर मुख्यमंत्री कुछ समझ नहीं पाए। इस बीच पदाधिकारियों ने महिला को बोलकर बताने को कहा।

ललिता बोली- बहुत निक लागल

फिर ललिता बोलीं, खाना बहुत निक लागल। महुआ मंगरू चौक पर पत्थर को काटकर जाता, सिलौट आदि बनाकर बेच रही ललिता और मीरा इस समय लॉकडाउन के कारण परेशानी में हैं। इस बीच सामुदायिक किचन उसके लिए जीवनदायनी बन रहा है। .

Input: Live Hindustan

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD