कोरोना के बाद ब्लैक फंगस डराने लगा है। राजधानी के अस्पतालों में मंगलवार को 20 नए मरीज आए। इनमें नौ संदिग्ध हैं, जिन्हें ओपीडी में देखने के बाद दवा और जांच की सलाह दी गई है। वहीं, कैमूर की पीड़ित शिक्षिका की वाराणसी के बीएचयू में मौत हो गई। उसकी सास की हालत भी गंभीर बनी हुई है।

आईजीआईएमएस में मंगलवार को ब्लैक फंगस से पीड़ित चार नए मरीज भर्ती किए गए। अस्पताल के वार्ड में भर्ती कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 21 हो गई है। पीएमसीएच में इस बीमारी से पीड़ित पांच संदिग्ध मंगलवार को पहुंचे, जिनमें से एक की हालत गंभीर थी। शेष चार को दवा और जरूरी सलाह देकर भेज दिया गया। पटना एम्स में मंगलवार को इस बीमारी के 11 संदिग्ध ओपीडी में आए।

इनमें से छह में इसका संक्रमण पाया गया और शेष पांच को जांच के लिए भेजा गया है। वहीं, कैमूर के दुर्गावती प्रखंड की 45 वर्षीया महिला की बीएचयू में मौत हो गई है। दो दिन पहले भभुआ सदर अस्पताल से उसे रेफर किया गया था। महिला की एक आंख की रोशनी चली गई थी और दूसरी आंख भी गंभीर रूप से प्रभावित थी। उसकी मौत के बाद बीएचयू प्रशासन ने शव का अंतिम संस्कार कराया। परिजनों को शव नहीं दिया जा सका। उसकी सास अभी वहीं भर्ती है।
Input: Live Hindustan






