इस दुनिया में लोगों के पास तरह-तरह के शौक (Hobby) होते हैं. किसी को फैशन का शौक होता है तो किसी को कार का शौक तो किसी को अन्‍य चीज का शौक. लेकिन, क्या आपने किसी ऐसे शख्स के बारे में सुना है, जिसको शादियों (Weddings) का शौक हो? शायद नहीं, लेकिन यकीन मानिये पटना में एक ऐसा शख्स मिला है जिसको शादियों का शौक रहा है. झूठ और धोखे की बुनियाद पर की गई करतूत का आखिरकार भांडा फूट ही गया.

दरअसल, कहानी है पटना के पोठही गांव के रहने वाले संजय कुमार पासवान की. जनाब को शादियों का ऐसा शौक चढ़ा कि देखते ही देखते तीन शादियां कर डालीं. आरोपी युवक ने पहली शादी काशीनगर धनरूआ निवासी बेबी देवी के साथ की थी, जिनसे उसे 3 बच्चे भी हैं. दूसरी शादी ममता नाम की महिला से की जिनसे उसे एक बेटा है. देखते ही देखते जटड्डूमरी की रहने वाली पुष्पा कुमारी के साथ भी उसने तीसरी शादी रचा डाली. तीनों शादियां उसने झूठ और फरेब की बुनियाद पर कीं. तीनों पत्नियों को अलग-अलग रखकर इस मुगालते में था कि किसी को उसकी इस करतूत का पता नहीं चल पाएगा, लेकिन तीसरी पत्नी पुष्पा पिछले कुछ दिनों से पति की संदिग्ध गतिविधियों को देखकर उसके पीछे लगी थी.

जब दूसरी पत्‍नी का बच्‍चा बोल उठा- पापा

पुष्‍पा ने अपने स्‍तर पर छानबीन के बाद सारी सच्चाई सामने लाकर रख दी. उसने अपने पति को दूसरी पत्नी के साथ पकड़ लिया. मामला बढ़ने के बाद तीसरी पत्नी ने थाने जाकर पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करा दी. प्राथमिकी में इस बात का उल्‍लेख किया गया है कि जब वह दूसरी पत्नी ममता देवी के पास पहुंचा तब तीसरी पत्नी अपने बच्चे के साथ वहां पहुंच गईं. ममता का बेटा जब संजय को पापा बोलने लगा तो पुष्पा कुमारी के होश उड़ गए. फिलहाल पुलिस ने आरोपी संजय को गिरफ्तार कर लिया है. उसे न्यायालय के आदेश पर जेल भी भेज दिया गया है. मामला 420 के तहत दर्ज किया है और पुलिस पूरे मामले की छानबीन के बाद आगे की कार्रवाई की बात कह रही है.

Input: news18

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *