मुख्यमंत्री नीतीश कुमार निजी दौरे पर मंगलवार को दिल्ली जाएंगे। लोकसभा में जदयू संसदीय दल के नेता और मुंगेर सांसद ललन सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार के इस प्रस्तावित दिल्ली दौरे का मंत्रिमंडल विस्तार से कोई लेना-देना नहीं।

मीडिया से बातचीत में सोमवार को ललन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री निजी यात्रा पर अपनी आंखों का इलाज कराने दिल्ली जा रहे हैं। उनकी इस यात्रा का केंद्रीय कैबिनेट के विस्तार से कोई मतलब नहीं है। मंत्रिमंडल विस्तार और इसमें उनके शामिल होने के सवाल पर ललन सिंह ने कहा कि मंत्रिमंडल विस्तार पीएम का विशेषाधिकार है, किसे शामिल करना है, यह भी उन्हीं का विशेषाधिकार है और इसमें किसी का हस्तक्षेप नहीं हो सकता। उन्होंने कहा, कि मंत्रिमंडल विस्तार और जदयू का उसमें शामिल होना अटकलबाजी है और अटकलबाजी पर राजनीति नहीं होती।

जब भी केंद्रीय मंत्रिमंडल का विस्तार होगा, जदयू उसमें शामिल होगा: आरसीपी

जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद आरसीपी सिंह ने सोमवार को एकबार फिर कहा कि जब भी केन्द्रीय मंत्रिमंडल का विस्तार होगा, जदयू उसमें शामिल होगा। कहा कि कौन मंत्री बनेगा यह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तय करेंगे। पत्रकारों से बातचीत में श्री सिंह ने कहा कि कोई कन्फ्यूजन नहीं है, जब भी मंत्रिमंडल का विस्तार होगा, जदयू शामिल होगा।

मंत्रिमंडल में शामिल होने की संख्या पर कोई विवाद नहीं है। समय आने पर बैठकर बातचीत हो जाएगी। एक सवाल पर कहा कि हर चीज में फॉर्मूला नहीं होता। संख्या बल की सोच अव्यवहारिक है। इससे रिश्ते में तनाव पैदा होता है। बीजेपी-जदयू के रिश्ते में हम लोग किसी तरीके की कटुता या खटास नहीं होने देना चाहते हैं।

केंद्रीय मंत्रिमंडल में खुद के शामिल होने के सवाल पर कहा कि जदयू कोटा से केंद्रीय मंत्रिमंडल में कौन शामिल होगा यह तय करना मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का अधिकार है। कहा कि बीजेपी व जदयू का वर्षों से संबंध है। कहीं कोई तनातनी नहीं है। जदयू के केंद्र में शामिल होने से आपसी सामंजस्य और ठीक होगा।

चिराग शेर का बेटा तो पशुपति भी शेर के भाई

लोजपा के भीतर के राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर पूछे गये सवाल पर आरसीपी सिंह ने कहा कि चिराग पासवान यदि शेर का बेटा हैं तो पशुपति पारस भी शेर के भाई हैं। कहा कि चिराग पासवान ने पहले कहा कि वह शेर का बेटा हैं और कल कह दिया मैं अनाथ हूं। हिन्दुस्तान में मैंने कभी नहीं सुना की शेर भी अनाथ हो सकता है।

Input: live hindustan

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *