प्यार अंधा होता है। न जाति देखता है, न धर्म और न उम्र। लेकिन बिहार का यह मामला इनसे हटकर है। रोहतास जिले के करगहर के एक युवक ने किन्नर से शादी कर ली है। समाज के डर से करीब साल भर छुप-छुपकर रहा। जब परिजनों को इसकी भनक लगी तो उन्होंने युवक पर शादी का दबाव डाला। पति को घरवालों के सामने मजबूर देखकर किन्नर बहू शनिवार को अपने ससुराल पहुंच गई। इसके बाद कई घंटे तक उनके घर ड्रामा चलता रहा।

एक साल से चल रहा था प्रेम-प्रसंग
करगहर निवासी गोलू कुमार एवं पानापुर गांव की किन्नर नंदनी कुमारी एक साल पहले नाच प्रोग्राम के दौरान एक-दूसरे से मिले थे। बाद में दोनों के बीच प्रेम हो गया और धीरे-धीरे बातचीत शुरू हुई। बातचीत के बाद मुलाकातों का दौर शुरू हुआ। जब दोनों का प्यार परवान चढ़ा तो मंदिर में शादी कर ली। शादी के बाद समाज के लोक-लाज के कारण दोनों करगहर में ही किराए के मकान में छुप-छुपकर रहने लगे।

जब इस बात की जानकारी गोलू के घरवालों को हुई तो उनके होश उड़ गए। परिवार के सदस्यों ने गोलू को नंदनी से दूर करने के कई प्रयास किए। लेकिन दोनों के बीच प्रेम इतना गहरा हो गया कि गोलू, नंदनी के साथ सात जन्मों का साथ निभाने को तैयार है।

किन्नर पहुंची प्रेमी के घर तो हुआ हाई वोल्टेज ड्रामा
गोलू के परिजनों द्वारा गुपचुप तरीके से उसकी दूसरी शादी कराने की बात होने लगी। जैसे ही नंदनी को पता चला कि गोलू को उससे अलग करने की साजिश रची जा रही है वो उसके घर पहुंच गई। किन्नर को देखकर परिजनों के होश उड़ गए। देखते ही देखते इसकी भनक आस-पड़ोस के लोगों को भी लग गई, जिसके बाद काफी संख्या में किन्नर को देखने के लिए भीड़ जुटने लगी।
परिजनों द्वारा नंदनी को वहां से भगाने का हरसंभव प्रयास किया गया। लेकिन वह अपने प्रेम और विवाह का हवाला देते हुए घर में ही डटी रही। कई घंटे तक घर में हाई वोल्टेज ड्रामा चला। गोलू की मां बार-बार बेहोश हो रही थी। विवाद बढ़ते देख गांव के लोगों ने नंदनी को फिलहाल समझा-बुझाकर वापस भेज दिया।
Input: dainik bhaskar






