गया जिले के बोधगया थाना क्षेत्र के दुबहल गांव की एक महिला ने गजब की हिम्मत दिखाई। महिला ने रिवाल्वर तानने वाले चचेरे ससुर को कीचड़ से सने खेत में पटककर रिवाल्वर छीन ली। फिर ससुर का सिर कीचड़ में डुबोकर खूब पीटा। शोर मचा कर अपने परिजनों को खेत में बुला लिया। चचेरे ससुर के साथ और भी लोग आए थे, पर महिला का हौसला देख सभी के होश फाख्ता हो गए। महिला के शोर पर पहुंचे घर के अपने सदस्यों ने भी जमकर लाठियां भांजीं।

सरस्वती देवी शनिवार की शाम अपने खेत में काम कर रही थीं। उसी खेत से आधा किलोमीटर की दूरी पर उसके घर के सदस्य भी काम कर रहे थे। इसी बीच सरस्वती देवी के चचेरे ससुर राम जतन यादव और अरविंद, धर्मेंद्र, विवेक, जयप्रकाश व बबलू खेत पर आए। खेत पर आते ही चचेरे ससुर ने रिवाल्वर तानते हुए जैसे ही गोली मारने की बात कही, वैसे ही महिला ने ससुर को खेत में पटक दिया। साथ ही उसका सिर कीचड़ में डुबो दी। जान की परवाह किए बगैर ही मारपीट पर उतारू हो गई और उसके हाथ से रिवाल्वर छीन ली। इसके बाद महिला ने शोर मचाया तो उसकी आवाज सुनकर उसके पति और घर के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंच गए। उनके पहुंचते ही दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठियां चलीं। मौका मिलते ही रामजतन यादव और उसके बेटे किसी तरह से वहां से भाग निकले।

मामला दर्ज

पीडि़ता ने बताया कि जब इसकी सूचना बोधगया थाने को दी तो थाने की पुलिस ने थाने में ही तीन से चार घंटे में बिठाए रखा, पर हमारी फरियाद नहीं सुनी और न ही हमारी तहरीर स्वीकार की। इसके बाद हमने सिटी एसपी राकेश कुमार को घटना की सूचना दी, तब जाकर सिटी एसपी के कहने पर थाने में हमें व परिवार के अन्य सदस्य को बुलाया गया। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया। पीड़िता सरस्वती देवी ने बताया कि रिवाल्वर पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।

Input: dainik bhaskar

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *