पत्नी के मायके में पत्नी को एक गलती पर थप्पड़ मार बैठने की कीमत जंवाई को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। बहन को थप्पड़ मारने पर आग-बबूला हुए साले ने जीजा की बेरहमी से पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान गिरने से गंभीर चोट लगने पर जंवाई की मौके पर ही मौत हो गई। दरअसल मृतक जान से प्यारी अपनी बिटिया रानी का बर्थडे मनाने अपने भाइयों के साथ ससुराल आया था। घर में साज-सज्जा, रोशनी की व्यवस्था की गई थी। खेलने के दौरान बच्ची को बिजली का करंट का झटका लग गया था। इसके लिए मृतक ने लापरवाही के लिए पत्नी को सबके सामने थप्पड़ मार दिया था।

हादसे की सूचना मिलने के साथ ही त्वरित कार्रवाई करते हुए भगवानपुर पुलिस ने महिला समेत आरोपी दो साला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार लालगंज थाना क्षेत्र के जहानाबाद गांव निवासी सूरज साह अपने भाई-बहनों के साथ बेटी पूजा का बर्थ डे मनाने अपने ससुराल शीतल भकुरहर गांव निवासी विनोद साह के घर आए थे। बर्थडे पार्टी के दौरान पूजा को करंट का झटका लग गया। सूरज ने लापरवाही के लिए अपनी पत्नी थप्पड़ भी जड़ दिया।
Source : Dainik Bhaskar







