प्रारंभिक स्कूलों में 90762 शिक्षकों की बहाली के लिए काउंसिलिंग चल रही है। पंचायत से नगर निकाय तक के 9 हजार विभिन्न नियोजन इकाइयों में लगभग 2.5 लाख अभ्यर्थी हैं। बावजूद अब तक की काउंसिलिंग के आधार पर लगभग 40 हजार सीटें खाली रहने की संभावना है। नियोजन इकाइयों में कोटि और विषय के हिसाब से अभ्यर्थी नहीं मिलने के कारण लगभग 40 से 45 प्रतिशत सीटें खाली रह जा रही हैं। कोटिवार रिक्त सीटों के लिए अभ्यर्थी नहीं मिलने से सीटें खाली रह रही हैं। काउंसिलिंग से छूटे और रद्द किए गए नियोजन इकाइयों की तीसरे चरण की काउंसिलिंग के लिए जल्द तिथि शिक्षा विभाग जारी करेगा।

गड़बड़ी की लगातार मिल रही शिकायत, पहले चरण में मेधा सूची भी हुई थी रद्द

प्रथम चरण में गड़बड़ी वाले 400 नियोजन इकाइयों की मेधासूची भी रद्द की गई थी। फाइनल मेधा सूची बनाने में गड़बड़ी की शिकायत मिली। काउंसिलिंग के दौरान भी फर्जी सर्टिफिकेट के आधार पर कई जगह काउंसिलिंग के लिए अभ्यर्थी पहुंचे। शिक्षा विभाग के अनुसार कई नियोजन इकाइयों पर काउंसिलिंग इकाई के सदस्यों और स्थानीय लोगों की मिलीभगत से अव्यवस्था फैलाई गई।

इसी प्रकार के मामले में मुजफ्फरपुर के गायघाट व पारू प्रखंड में काउंसिलिंग इकाई के सदस्यों पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। सभी जगहों की काउंसिलिंग की गतिविधि का जिला से लेकर राज्य स्तर पर लाइव स्ट्रीमिंग के माध्यम से मॉनीटरिंग की गई थी। बावजूद पूरी तरह से गड़बड़ी नहीं रूक रही।

बांका व मधुबनी की 3 प्रखंड नियोजन की काउंसिलिंग रद्द

शिक्षक बहाली में अनियमितता और गड़बड़ी के आरोप में बांका जिले के शंभुगंज और अमरपुर प्रखंड नियोजन इकाई की 7, 9 और 10 अगस्त की काउंसिलिंग रद्द कर दी गई है। मधुबनी के डीएम और डीईओ की रिपोर्ट पर बासोपट्टी प्रखंड नियोजन इकाई की 7 अगस्त की काउंसिलिंग रद्द की गई है।

सीधी बात-विजय चौधरी, शिक्षा मंत्री से

शिक्षकों की बहाली के लिए सीट खाली क्यों रह रही?
कोटि और विषयवार अभ्यर्थी नहीं मिलने के कारण ही कहीं- कहीं सीट खाली रह रही है। एक अभ्यर्थी ने कई नियोजन इकाई से आवेदन किया है, लेकिन काउंसिलिंग में वे एक जगह ही शामिल हो पा रहे हैं।

सीट रिक्त तो कमी कैसे दूर होगी?

सरकार का लक्ष्य है कि शिक्षकों के सभी रिक्त पदों को भरा जाए। समीक्षा कर योग्य अभ्यर्थियों को रिक्त पदों को भरने के लिए मौका दिया जाएगा। पद रिक्त रह जाने पर क्या और भी काउंसिलिंग का मौका मिलेगा? बिल्कुल मौका दिया जाएगा। विभिन्न चरणों में काउंसिलिंग की गहन समीक्षा के बाद रिक्त सीटों की गणना होगी। फिरकाउंसिलिंग का मौका दिया जाएगा।

Input: Dainik bhaskar

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *