बैंक कैशियर और उसके साथियों की गिरफ्तारी के बावजूद साइबर फ्रॉड का मामला थम नहीं रहा है। सोमवार को एमपीएस साइंस कॉलेज के अंग्रेजी के प्रोफेसर डॉ. जेएन सिंह और शहर के एक डॉक्टर के खाते से 50 लाख से अधिक की राशि उड़ा ली गई है। सभी राशि साइंस कॉलेज स्थित पीएनबी ब्रांच से उड़ाई गई है। राशि की निकासी एनआरटीजीएस से की गई है। इसे लेकर डॉक्टर और प्रोफेसर ने शिकायत की है।.

वहीं देर शाम एसएसपी, सिटी एसपी, नगर डीएसपी और सदर थाने की पुलिस ने पीएनबी की साइंस कॉलेज शाखा में छानबीन की। मैनेजर और अन्य कर्मचारियों से एक घंटे तक पूछताछ की। इसके बाद एक बैंककर्मी को पुलिस ने मौके से हिरासत में लिया है। उसे गोपनीय जगह रखकर पूछताछ की जा रही है। इधर, एसएसपी जयंतकांत ने बताया कि प्रोफेसर और डॉक्टर के खाते से 50 लाख रुपये की निकासी हुई है, जिसकी जांच की जा रही है। पिछले दिनों पकड़े गए एक शातिर की निशानदेही पर जांच को आगे बढ़ाया गया है। एसएसपी ने डॉक्टर का नाम बताने से मना कर दिया है। कहा है कि जांच की जा रही है।

प्रोफेसर के खाते से तीन दिनों में निकाले 45 लाख
एमपीएस साइंस कॉलेज के अंग्रेजी के प्रोफेसर डॉ. जेएन सिंह ने बताया कि शनिवार को मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली कि पीएनबी की साइंस कॉलेज शाखा से साइबर फ्रॉड ने एक करोड़ से अधिक राशि निकाल ली है। उसके कैशियर समेत चार को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इसके बाद वे सोमवार को बैंक पासबुक अपडेट कराने पहुंचे। लेकिन, बैंक के कोई भी कर्मचारी पासबुक अपडेट करने को तैयार नहीं थे। सभी टाल-मटोल कर रहे थे। इसके बाद बैंक मैनेजर से मिलकर इसकी शिकायत की। वे भी पहले पासबुक अपडेट को लेकर हिचके। काफी दबाव देने पर एक महिला कर्मचारी को अपडेट करने को कहा। अपडेट करने के बाद जानकारी मिली कि तीन दिन में साइबर फ्रॉड ने एनआरटीजीएस के माध्यम से 45 लाख रुपये की निकासी कर ली है।
Input: Live Hindustan




