बिहार में बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए केन्द्र सरकार की टीम सोमवार को पटना पहुंचेगी। छह सदस्यीय इस टीम का नेतृत्व गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव राकेश कुमार सिंह करेंगे। इसके अलावा विभिन्नि मंत्रालयों के पांच अन्य अधिकारियों को टीम का सदस्य बनाया गया है।

इसमें पटना स्थित केंद्र सरकार के मंत्रालयों के दो अधिकारी केंद्रीय जल आयोग के निदेशक निगरानी संजीव सुमन और सड़क एवं राजमार्ग परिवहन मंत्रालय के अधीक्षण अभियंता प्रदीप कुमार लाल भी शामिल हैं। टीम दो दिनों तक बिहार में रहकर बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन करेगी। बिहार दौरे से वापसी के दौरान ही राज्य सरकार की ओर से एक ज्ञापन सौंपा जा सकता है जिसमें बाढ़ से हुए नुकसान की प्रारम्भिक रिपोर्ट रहेगी।

राज्य सरकार ने केन्द्र सरकार से टीम भेजकर बाढ़ से नुकसान का आकलन कराने का आग्रह किया था। उसके बाद केन्द्र सरकार ने अंतरमंत्रालयीय टीम का गठन कर दिया। टीम सोमवार को पटना पहुंचकर यह तय करेगी कि उसे किस इलाके में जाना है। उनके कार्यक्रम के अनुसार ही राज्य के अधिकारी रूट तय करेंगे। केंद्रीय टीम के बिहार आने पर आपदा प्रबंधन सहित संबंधित अन्य विभागों के वरीय अधिकारियों के साथ बैठक होगी। इस बैठक में बिहार सरकार बाढ़ से हुए नुकसान के बारे में केंद्रीय टीम को बताएगी। वहीं क्षेत्र का दौरा करने के बाद केंद्रीय टीम वापस जाने से पहले दुबारा राज्य सरकार के अधिकारियों के साथ बैठक करेगी, जिसमें नुकसान से संबंधित दिए जाने वाले ज्ञापन के बारे में चर्चा होगी।

टीम के लौटने के बाद राज्य सरकार केन्द्र से मदद के लिए अपना ज्ञापन सौंपेगी, जिसमें विस्तार से हर क्षेत्र के नुकसान का ब्योरा होगा। हालांकि, टीम में शामिल अधिकारियों के पहुंचने के साथ ही आपदा प्रबंधन विभाग उन्हें प्रभावित जिलों और नुकसान का आंकड़ा उपलब्ध करा देगा। लेकिन ज्ञापन और केन्द्रीय टीम की रिपोर्ट के आधार पर ही केन्द्र सरकार नुकसान की भरपाई के लिए राज्य सरकार को मदद करेगी।
Source: Live Hindustan
हेलो! मुजफ्फरपुर नाउ के साथ यूट्यूब पर जुड़े, कोई टैक्स नहीं चुकाना पड़ेगा 😊 लिंक 👏



