आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव अब युवाओं को राजनीति सिखाएंगे. तेज प्रताप यादव शनिवार को ‘छात्र जनशक्ति परिषद’ की ओर से ‘राजनीति सीखो, नेतृत्व करो’ विषय पर परिषद की कार्यशाला आयोजित करेंगे. दोपहर एक बजे बजे से सिन्हा लाइब्रेरी रोड स्थित अदिती कम्युनिटी सेंटर में यह कार्यक्रम होगा. तेज प्रताप यादव ने शुक्रवार को ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है.
छात्र जनशक्ति परिषद के तत्वावधान में “राजनीति सीखो, नेतृत्व करो” विषय पर परिषद का कार्यशाला आयोजित किया गया है।
दिनांक: 02/10/2021 समय: 1 बजे दिन से ..
स्थान: आदिती कम्युनिटी सेंटर, सिन्हा लाईब्रेरी रोड, कोतवाली थाना के बग़ल में, पटना-1 pic.twitter.com/RazGBm7g9z— Tej Pratap Yadav (@TejYadav14) October 1, 2021
दरअसल इस कार्यक्रम के तहत तेज प्रताप ने जो संगठन बनाया है ‘छात्र जनशक्ति परिषद’ उसे मजबूत करने की तैयारी कर रहे हैं. कार्यक्रम में इस संगठन से जुड़े युवाओं के अलावा कई और लोग भी रहेंगे. कार्यशाला का विषय रखा गया है ‘राजनीति सीखो, नेतृत्व करो’. इससे साफ है कि तेज प्रताप संगठन के साथ-साथ राजनीति पर बात करेंगे और बताएंगे कि कैसे आगे नेतृत्व करना है.

बता दें कि तेज प्रताप यादव ने इसी साल सितंबर में अपना अलग संगठन बनाया था. आरजेडी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह से तनातनी के बाद तेज प्रताप ने संगठन बनाया था और उसका नाम रखा था ‘छात्र जनशक्ति परिषद’. शिक्षक दिवस के मौके पर तेजप्रताप यादव ने अपने सरकारी आवास में कार्यक्रम आयोजित कर नए संगठन का एलान किया था. उन्होंने कहा था कि यह संगठन बिहार के बाहर भी काम करेगा. यूपी विधानसभा चुनाव में भी संगठन सक्रिय रहेगा. वहां की सरकार की खामियों को उजागर करेगा. छात्रों के पक्ष में काम करने के साथ-साथ अन्य पहलुओं को भी ध्यान में रखा जाएगा.

तेज प्रताप यादव ने कहा था कि ‘छात्र जनशक्ति परिषद’ मुख्य रूप से छात्रों की समस्याओं के साथ स्वास्थ्य एवं कानून से जुड़ी समस्याओं को दूर करने के लिए आंदोलन करेगा. इस संगठन का विस्तार गांव-गांव तक किया जाएगा.
Source : ABP News
हेलो! मुजफ्फरपुर नाउ के साथ यूट्यूब पर जुड़े, कोई टैक्स नहीं चुकाना पड़ेगा 😊 लिंक 👏





