जम्मू-कश्मीर में बिहारियों पर हो रहे हमले और लोगों की हत्या के बाद बिहार में भी लगातार लोग आक्रोशित हो रहे हैं और केंद्र सरकार से करवाई की मांग कर रहे हैं. कश्मीर मामले में आम लोगो के साथ साथ बिहार के नेता भी कम आक्रोशित नहीं हैं. लगातार पक्ष-विपक्ष के नेता कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. इस कड़ी में बिहार के बीजेपी विधायक ने एक अनोखी मांग कर दी है.

बाढ़ सीट से बीजेपी विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ज्ञानू ने तो यहां तक मांग कर डाली है कि जो भी बाहर के लोग कश्मीर में हैं उनको सरकार फ्री में AK-47 दे, जिससे वो अपनी रक्षा कर सकें. बीजेपी विधायक ने यह भी कहा कि संविधान में संशोधन कर बाहर के लोगों को आर्म्स लाइसेंस दिया जाए. ज्ञानू ने कहा कि जम्मू कश्मीर की सरकार बाहर के लोगों को एके-47 मुहैया कराए, तब ही हालात ठीक होंगे. बीजेपी विधायक ज्ञानेंद्र ज्ञानू ने कश्मीर में हो रही इस घटना को कायरतापूर्व कहा है. उन्होंने कहा कि आतंकी गरीबो को मार रहे हैं जो रोज कमाने खाने वाले हैं.

आतंकी पाकिस्तान वालों से मिलकर बिहार के लोगों की हत्या कर रहे हैं. विधायक ने केंद्र सरकार से कार्रवाई करने की मांग की और सुरक्षा देने की मांग की जिससे कि वहां से पलायन नहीं हो सके. इससे पहले बिहार के उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने भी पाकिस्तान से सभी सम्बन्ध तोड़ने की मांग की है साथ ही भारत-पाक के बीच क्रिकेट को भी बंद करने की अपील प्रधानमंत्री से की है.

जम्मू-कश्मीर की इस घटना के बाद राजधानी पटना में कई पार्टियों के कार्यकर्ता सड़को पर उतर कर प्रदर्शन भी कर रहे हैं. मालूम हो कि इससे पहले बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से कश्मीर को 15 दिनों के लिए बिहार के हवाले कर देने की मांग की थी और दावा किया था कि कश्मीर अगर बिहारियों के जिम्मे हो जाए तो परिस्थितियां बदल जाएंगी.
हेलो! मुजफ्फरपुर नाउ के साथ यूट्यूब पर जुड़े, कोई टैक्स नहीं चुकाना पड़ेगा 😊 लिंक 👏






