पटना में सीवान की छात्रा के साथ उसके प्रेमी ने सरकारी नौकरी लगने के बाद बेवफाई की है। पीड़ित छात्रा ने महिला थाने में जाकर न्याय की गुहार लगाई और आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया। अब महिला थाने की पुलिस इस मामले की तफ्तीश कर रही है।

मामला गर्दनीबाग थाना इलाके की है। बताया जाता है सीवान से गर्दनीबाग इलाके में पढ़ाई करने के लिए छात्रा 2019 में पहुंची थी। इस दौरान वैशाली के महनार का रहने वाला अंकुश कुमार के साथ छात्रा की दोस्ती हो गई। अंकुश बीए की तैयारी के साथ प्रतियोगी परीक्षा की भी तैयारी करने पटना पहुंचा था। दोनों के बीच दोस्ती ने प्यार का रूप ले लिया। बाद में दोनों लिव इन रिलेशनशिप में रहने लगे। इस बीच बीए की परीक्षा पास करने के बाद अंकुश कुमार का चयन बिहार पुलिस में हो गया और वह अपनी प्रेमिका को छोड़कर चला गया।

महिला थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों के बीच कॉलेज में पढ़ाई के दौरान ही प्रेम प्रसंग चल रहा था और कुछ वर्षों तक दोनों लिव इन रिलेशनशिप में भी रहे। महिला थाना प्रभारी ने बताया कि उन्होंने अंकुश से जब बात की तो वह छात्रा के साथ शादी के लिए तैयार हो गया है लेकिन दोनों के बीच यह सहमति बनी है कि आपसी परिवार के बीच मिलकर प्रेम प्रसंग को अरेंज मैरिज में बदल दिया जाए।

उन्होंने बताया कि इसके लिए प्रेमिका के परिजनों को भी सूचना दी गई है लेकिन अभी तक छात्रा के परिजनों के तरफ से किसी तरह का कोई जवाब नहीं मिला है जबकि प्रेमी अंकुश कुमार के भाई ने इस शादी पर अपनी सहमति जताई है।
Source : Hindustan
(मुजफ्फरपुर नाउ के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)






