अब बैंक शाखा विहीन पंचायतों के पंचायत सरकार भवन में बैंक शाखा खोला जाएगा। हालांकि फिलहाल सभी ग्राम पंचायतों में पंचायत सरकार भवन का निर्माण नहीं कराया गया है। चरणबद्ध तरीके से सभी ग्राम पंचायतों में पंचायत सरकार भवन का निर्माण कराया जा रहा है। जिन ग्राम पंचायतों में पंचायत सरकार भवन का निर्माण कार्य पूर्ण हो गया है और ग्राम पंचायत को नवनिर्मित पंचायत सरकार भवन हस्तगत भी कर दिया गया है और उन पंचायतों में यदि पहले से बैंक शाखा नहीं है तो ऐसे पंचायत के पंचायत सरकार भवन में बैंक शाखा खोला जाएगा।

पंचायत सरकार भवन के ग्राम कचहरी कोर्ट रूम में बैंक शाखा खोला जाएगा। जबकि ग्राम कचहरी कोर्ट रूम को पंचायत सरकार भवन के प्रथम तल पर स्थित वीमेंस सेंटर में स्थानांतरित किया जाएगा। वहीं पंचायत सरकार भवन के प्रथम तल पर स्थित वीमेंस सेंटर को प्रथम तल पर ही स्थित स्टोर रूम में स्थानांतरित किया जाएगा। जबकि पंचायत सरकार भवन में अन्य स्थान यथावत रहेगा।

पंचायती राज विभाग के निदेशक डॉ. रणजीत कुमार ङ्क्षसह ने जिला पदाधिकारी को पत्र भेजकर बैंक शाखा विहीन पंचायत के पंचायत सरकार भवन में बैंक शाखा खोलने के लिए अपने स्तर से सभी संबंधितों को निदेशित करने के लिए अग्रेतर कार्रवाई करने को कहा है। पंचायती राज विभाग के निदेशक ने इस मामले से जिला पंचायत राज पदाधिकारी को भी अवगत कराते हुए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है। वित्त विभाग के निदेश के आलोक में आमलोगों की सुविधा के लिए बैंक शाखा रहित पंचायतों के पंचायत सरकार भवनों में बैंक शाखा खोलने के लिए जगह उपलब्ध कराने का निर्णय पंचायती राज विभाग ने लिया है।
Source Dainik Jagran

(मुजफ्फरपुर नाउ के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)






