अक्सर ऐसा देखने को मिलता है शादी या पार्टी सीजन में लोग होटलों और बैंक्वेट हॉलों में मस्ती के चक्कर में शराब का सेवन करने लगते हैं. लेकिन, अगर इस बार आप किसी की शादी या इस पार्टी वाले मौसम में चोरी-छिपे शराब पीने की सोच भी रहे हैं तो अपना इरादा बिलकुल बदल लीजिये. नहीं तो आपको पार्टी से सीधे थाना जाना पड़ेगा. दरअसल सीएम नीतीश कुमार के शराबबंदी की समीक्षा के बाद बिहार में शराब के अवैध व्यापार और पीने वालों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया गया है. अब राजधानी पटना में सख्ती के साथ शराबबंदी लागू करने के लिए लगातार वरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक भी हो रही है और लगातार कार्रवाई भी जारी है. राजधानी पटना में पूर्ण शराबबन्दी सफलतापूर्वक लागू हो इसके लिए पटना के प्रमंडलीय आयुक्त संजय अग्रवाल ने शुक्रवार को अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और शादी के सीजन में शराब के सेवन को रोकने के लिए अधिकारियों को कई दिशा-निर्देश भी दिया.

पटना कमिश्नर संजय अग्रवाल ने समीक्षा बैठक करते हुए अधिकारियों को होटलों, ढाबों में छापेमारी अभियान तेज करने करने का निर्देश दिया है और कहा है कि जहां भी शराब मिलने की सूचना मिले या फिर आशंका हो वैसी जगहों पर लगातार छापेमारी की जाएगी और शराब कारोबार से जुड़े लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

शादी बैंक्वेट हॉल पर रहेगी विशेष नजर
शादी का सीजन शुरू हो रहा है, ऐसे में होटल और सभी बैंक्वेट हॉल के संचालकों को विशेष रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश दिया गया है. होटल मालिकों को जिम्मेदारी दी गई है कि वह कमरे और बैंक्वेट हॉल पर विशेष नजर रखे, नहीं तो पकड़े जाने पर कड़ी कार्रवाई हो सकती है. कहीं से भी शिकायत मिलने पर फुटेज की जांच होगी और दोषी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी.

बुकिंग करने से पहले कस्टमर को करनी होगी घोषणा
शराबबंदी कानून का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए होटल, बैंक्वेट हॉल पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया गया है. होटल का कमरा अथवा बैंक्वेट हॉल के आवंटन के पूर्व कस्टमर से घोषणा पत्र लेना आवश्यक होगा. सभी कस्टमर को घोषणा करना होगा कि हॉल या बैंक्वेट हॉल में शराब का सेवन नहीं किया जाएगा. साथ ही होटल/ बैंक्वेट हॉल के संचालकों को अपने कर्मियों पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया गया है. साथ ही उन्हें शादी समारोह में कस्टमरके साथ समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया गया है.

टॉल फ्री नंबर जारी, कोई भी कर सकता है शिकायत
जिला प्रशासन ने शराब से जुड़े मामलों की जानकारी के लिये टॉल फ्री नंबर जारी किया है. 18003456268 पर कोई भी व्यक्ति शराब से जुड़े मामलों की जानकारी दे सकता है. शिकायत करने वाले तथा सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम पता गुप्त रखा जाएगा और उन्हें इनाम भी दिया जाएगा. पटना शहर में कई स्थानों और चौक चौराहों पर होर्डिंग लगाने की तैयारी भी की गई है.
Source : News18
(मुजफ्फरपुर नाउ के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)





