राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के प्रदेश कार्यालय में लगे लालटेन पर सियासत रुक नहीं रही है. इसके उद्घाटन के चार दिन बाद भी बिहार की राजनीति लालटेन के इर्द-गिर्द घूमती नजर आ रही है. जनता दल युनाइटेड (जेडीयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने आरजेडी कार्यालय में लगे विशालकाय लालटेन को लेकर आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव पर चुटकी ली है. उन्होंने शनिवार को ट्वीट कर कहा, ‘मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सुशासन की चकाचौंध बिजली में जंगलराज के लालटेन की धीमी लौ भी बुझ ही चुकी है. नीतीश कुमार के बिजली का प्लग लगाये बिना अब बनावटी लालटेन भी जलना नामुमकिन है. सुशासन के 15 साल- बेमिसाल.’
आदरणीय मुख्यमंत्री श्री @NitishKumar जी के सुशासन की चकाचौंध बिजली में जंगलराज के लालटेन की धीमी लौ भी बुझ ही चुकी है। श्री नीतीश कुमार जी के बिजली का प्लग लगाये बिना अब बनावटी लालटेन भी जलना नामुमकिन है।#सुशासन_के_15_साल – बेमिसाल pic.twitter.com/3ysaHkowGK
— Rajiv Ranjan (Lalan) Singh (@LalanSingh_1) November 27, 2021
दरअसल दिल्ली से पटना आने पर लालू यादव बीते 24 नवंबर को बीरचंद पटेल पथ स्थित आरजेडी के कार्यालय पहुंचे थे. यहां उन्होंने विशेष रूप से बनवाए गए छह टन वजनी लालटेन का उद्घाटन किया था और पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं को संबोधित किया था. उसी दिन जेडीयू द्वारा नीतीश कुमार के बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में 15 वर्ष पूरा होने पर 15 साल बेमिसाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया था.
सामाजिक न्याय, धर्म निरपेक्षता और जन सरोकार का प्रतीक – "लालटेन"!!
दबे कुचलों की आवाज़ का प्रतीक – "लालटेन"!! pic.twitter.com/4X2VN7vTpw
— Rashtriya Janata Dal (@RJDforIndia) November 25, 2021
आरजेडी कार्यालय में जब लालटेन लगाया गया था तो इसकी काफी चर्चा हुई थी. राजस्थान के लाल पत्थरों से बने इस लालटेन को पटना लाने से लेकर उसे लगाने तक आरजेडी कार्यालय को कई दिनों तक बंद रखा गया था. आरजेडी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह भी कार्यालय के बाहर ही बैठा करते थे. लेकिन जैसे ही यह जानकारी दी गई कि इस लालटेन में लौ जलाने के लिए बिजली से जलने वाली लाइट का प्रयोग किया गया है तो जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने आरजेडी कार्यालय में लालटेन के जलते हुए लाइट का वीडियो ट्वीट कर उस पर हमला बोला.

