बिहार विधानसभा परिसर से शराब की खाली बाेतलें मिली हैं। इससे सनसनी फैल गई। सियासत भी होने लगी है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इसको लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से इस्तीफे की मांग कर दी है। उन्होंने कहा है कि सीएम के चैंबर से महज सौ मीटर की दूरी पर शराब की बोतलें कैसे मिल गई। जहां बैठे हैं, वहीं शराब की बोतलें मिल रही हैं। सीएम को खुद आकर देखना चाहिए। वरना बाद में वे कहेंगे कि हमने तो देखा ही नहीं। पानी की बोतलें होंगी। तेजस्वी ने कहा कि यहीं पर शराबबंदी का संकल्प लिया गया था। अब तो शराबबंदी का रियल पिक्चर सामने आ गया है।

बताया जाता है कि विधानसभा की पार्किंग एरिया में शराब की खाली बोतलें पड़ी थीं। एक दिन पहले ही सोमवार को विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन मुख्यमंत्री समेत अन्य लोगों ने शराबबंदी की शपथ ली थी। ऐसे में विस परिसर में शराब की खाली बोतलें मिलना कई सवाल खड़े करता है। वह भी उस स्थिति में जबकि सत्र चल रहा है। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम है। ऐसे में बाइक पार्किंग एरिया में कचरे में शराब की कई खाली बोतलें फेंकी हुई थी।
(मुजफ्फरपुर नाउ के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)








