वैशाली के लालगंज थाना प्रभारी चंद्रभूषण शुक्ला के ठिकानों पर आर्थिक अपराध इकाई की टीम छापेमारी कर रही है। शराब कारोबारियों से संबंध रखने के आरोप में ईओयू टीम यह कार्रवाई कर रही है। थानेदार के लालगंज समेत छपरा व सिवान स्थित ठिकानों पर छानबीन की जा रही है। ईओयू ने लालगंज थानेदार के खिलाफ 30 नवंबर को भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत आय से अधिक संपत्ति मामले में केस दर्ज किया था। इसके बाद कोर्ट से सर्च वारंट लेने के बाद तीन ठिकानों पर बुधवार सुबह से ही छापेमारी चल रही है। इसमें लालगंज थाना परिसर व आवास, छपरा शहर स्थित आवास, सिवान के रघुनाथपुर स्थित पैतृक मकान की तलाशी ली जा रही है। बता दें कि आर्थिक अपराध इकाई की टीम इसके पहले बालू के अवैध खनन मामले में कई पुलिस अफसरों पर कार्रवाई कर चुकी है, मगर शराब कारोबारी से संबंध रखने के मामले में यह पहली कार्रवाई है। सिवान जिले के रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के पंजवार गांव में पटना से पहुंची टीम पुलिस अफसर के घर की जांच कर रही है।

अक्टूबर में जक्कनपुर थानाध्यक्ष के ठिकानों पर पड़ा था छापा
ईओयू ने 30 अक्टूबर को आय से अधिक संपत्ति मामले में जक्कनपुर थानाध्यक्ष कमलेश प्रसाद शर्मा के चार ठिकानों पर छापा मारा था। इसमें थानाध्यक्ष के पास दो करोड़ रुपये से अधिक की चल-अचल संपत्ति का पता चला था। थानेदार व उनकी पत्नी के बैंक खातों में 92 लाख 80 हजार 770 रुपये नकद जमा पाए गए थे। तलाशी के दौरान जांच टीम ने करीब 11 बैंक खाते, पोस्ट आफिस में निवेश से जुड़े कागज व अन्य कागजात जब्त किए थे। छापेमारी के अगले ही दिन थानेदार को निलंबित कर दिया गया था।

(मुजफ्फरपुर नाउ के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)






