आरा. बिहार में शराबबंदी को लेकर तमाम सख्ती की बातें देखी-सुनीं. इस पर सियासत भी खूब हुई और लगातार जारी भी है. लेकिन, शराबबंदी की ऐतिहासिक सफलता तब सामने आई जब एक मां ने अपने बेटे के खिलाफ अदालत में गवाही दी और उसे पांच साल के लिए जेल भिजवा दिया. यह केस फिल्म मदर इंडिया से कुछ मिलता जुलता है. यह इसलिए कि फिल्म में एक मां ने अपने बेटे को एक युवती के साथ दुष्कर्म करने से रोकने के क्रम में गोली मार दी गई थी. इसी तरह यहां एक मां ने अपने बेटे को उसके कुकर्म के लिए 5 साल के लिए जेल भिजवा दिया. मामला भोजपुर जिले के आरा कोर्ट में सामने आया. यहां चतुर्थ अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश त्रिभुवन यादव ने ऐतिहासिक फैसला सुनाया. शराब पीकर हंगामा करने के आरोप में मां द्वारा दर्ज कराई गई एफआइआर के आधार पर शराबी पुत्र को पांच साल की सश्रम कारावास की सजा सुनाई. इसके अलावा एक लाख रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया.

शराब पीकर अपने माता-पिता के साथ मारपीट किए जाने के इस मामले में सजा बीते सोमवार को सुनाई गई थी, लेकिन इसके चर्चे बिहार में लगातार हो रहे हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार मामला आरा टाउन थाना क्षेत्र के प्रकाश पुरी, शीतल टोला मुहल्ले का है. सजा पाने वाला युवक आदित्य राज उर्फ बिट्टू है. शीतल टोला निवासी रामावती देवी ने 10 जून 2021 को नगर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका पुत्र आदित्य राज उर्फ बिट्टू शराब के नशे में उनके तथा पति के साथ गाली-गलौच व मारपीट के बाद उन्हें कमरे में बंद कर दिया. मौके पर पहुंची पुलिस ने बिट्टू को नशे की हालत में गिरफ्तार कर उसकी मेडिकल जांच कराई थी. तब शराब पीने की पुष्टि के बाद आरोपित को जेल भेज दिया गया था.

दर्ज प्राथमिकी में महिला ने बेटे पर मारपीट कर रुपये छीनने का भी आरोप लगाया था. एक्साइज के विशेष लोक अभियोजक राजेश कुमार के अनुसार इस ट्रायल में अभियोजन की तरफ से तीन गवाह प्रस्तुत किए गए, जिसमें इस कांड की सूचक तथा अभियुक्त की मां रामावती देवी ने गवाही दी. साथ ही पुलिस की तरफ से मजहर हुसैन तथा कांड की अनुसंधानकर्ता नीता कुमारी ने अपना बयान अदालत के समक्ष दर्ज कराया. बड़ी बात यह रही कि आरोपित के पक्ष से कोई वकील पैरवी करने को भी तैयार नहीं हुए. बहरहाल इस मामले में चर्चा यही है कि एक मां द्वारा बेटे के विरुद्ध गवाही देकर शराब पीने के जुर्म में जेल भिजवाने का यह मामला अनूठा और ऐतिहासिक है.

Source : News18 ccccccccd

umanag-utsav-banquet-hall-in-muzaffarpur-bihar

(मुजफ्फरपुर नाउ के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *