ओमिक्रॉन संक्रमण और कोरोना की संभावित तीसरी लहर को देखते हुए बिहार में कुछ और पाबंदियां लगा दी गई हैं। कारा प्रशासन ने कैदियों से मुलाकात पर रोक लगा दी है। फिलहाल 31 जनवरी तक यह रोक लगाई गई है। हालात की समीक्षा के बाद आगे इस पर निर्णय लिया जाएगा।

जेल आईजी मिथिलेश मिश्र ने सोमवार को सभी कारा अधीक्षकों को इस बाबत आदेश जारी कर दिया है। इसमें कहा गया है कि कोरोना की तीसरी लहर का खतरा बढ़ता जा रहा है। हफ्ते भर से कोरोना संक्रमण के फैलाव में तेज वृद्धि दर्ज की जा रही है। ऐसे में आवश्यक है कि कैदियों को कोरोना संक्रमण से बचाने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएं।

उन्होंने कहा कि बंदियों से मुलाकात के लिए बाहर से आने वालों की तलाशी लेनी पड़ती है। इससे कारा के सुरक्षाकर्मियों के संक्रमित होने की संभावना हो सकती है।

कोरोना की पहली लहर के शुरू होने के साथ 13 मार्च 2020 से जेल में आमने-सामने की मुलाकात पर रोक लगा दी गई थी। 20 माह बाद नवम्बर में मुलाकाती व्यवस्था दोबारा शुरू की गई। ओमीक्रोन वेरिएंट की वजह से कोरोना की तीसरी लहर की आशंका को देखते हुए एक बार फिर इसपर रोक लगाने का आदेश जारी कर किया गया है।
Source : Hindustan






