पटना के गायघाट स्थित महिला रिमांड होम में रह चुकी एक युवती ने वहां लड़कियों के यौन शोषण किए जाने नशे का इंजेक्शन देने तथा तरह-तरह से प्रताडि़त करने के सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। युवती ने अपने आरोपों का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया में वायरल कर हड़कम्‍प मचा दिया है। उसकी बातों ने बीते दिनों के मुजफ्फरपुर शेल्‍टर होम कांड की याद ताजा कर दी है। इस मामले में बिहार के समाज कल्‍याण मंत्री मदन सहनी ने बताया है कि प्राथमिक जांच में आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, समाज कल्‍याण विभाग अपने स्तर से भी जांच करा रहा है। इस बीच युवती ने कहा है कि प्रशासनिक जांच के दौरान उसका पक्ष जानने की को‍शिश नहीं की गई। युवती का एक आडियो भी सामने आया है, जिसमें वह अपनी बातों को फिर दुहरा रही है। मामले का पटना हाईकोर्ट ने भी स्‍वत: संज्ञान लिया है। दूसरी तरफ मामले में राजनीति भी गरमा गई है। जन अधिकार पार्टी के सुप्रीमो व पूर्व सांसद पप्‍पू यादव तथा लोक जनशक्ति पार्टी-रामविलास के अध्‍यक्ष व सांसद चिराग पासवान ने मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार को घेरा है।

clat

युवती ने वीडियो जारी कर लगाए गंभीर आरोप

विदित हो कि बीते दिनों पटना के गायघाट स्थित रिमांड होम में पहले रह चुकी एक युवती ने वहां की व्‍यवस्‍था को लेकर कई तरह के गंभीर आरोप लगाए। उसके अनुसार वहां लड़कियों के साथ गंदा काम होता है। लड़कियों के शारीरिक व मानसिक शोषण के आरोप लगाते हुए उसने कहा कि रिमांड होम में उन्‍हें नशे का इंजेक्शन देकर अवैध धंधा करने के लिए मजबूर किया जाता है। अगर लड़की इसका विरोध करती है तो उसे तरह-तरह से प्रताड़ित किया जाता है। ऐसा करने पर उसे खाना भी नहीं दिया जाता है। युवती ने कहा कि प्रताड़ना से तंग आकर एक बार उसने सुसाइड की कोशिश भी की थी।

जांच में आरोप निराधार, हाईकोर्ट ने लिया संज्ञान

वीडियो सामने आने के बाद हड़कम्‍प मच गया है। इसके बाद प्रशासन ने अपने स्‍तर पर जांच करा युवती काे अस्थिर व झगड़ालू प्रवृत्ति का बताया है। जांच रिपोर्ट के अनुसार झूठ बोलना, अन्य बालिकाओं को उकसाना, गृह के कमियों की शिकायत करना व उन्‍हें धमकी देना उसके स्वभाव में शामिल है। पटना के एसएसपी मानवजीत सिंह ढिल्लो ने भी कहा कि जांच रिपोर्ट में आरोपों को गलत पाया गया है। बिहार सरकार के समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी ने बताया कि अभी तक की जांच में रिमांड होम में कोई गलत काम होने की पुष्टि नहीं हुई है। इसके बावजूद समाज कल्‍याण विभाग को अपने स्तर पर जांच करा सरकार को रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया है। इस बीच पटना हाईकोर्ट ने भी घटना का स्वत: संज्ञान ले लिया है। कोर्ट ने समाज कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव को पार्टी बनाते हुए तुरंत जांच का आदेश दिया है। साथ ही अब तक की कार्रवाई की रिपोर्ट भी मांगी है।

umanag-utsav-banquet-hall-in-muzaffarpur-bihar

चिराग का सीएम नीतीश पर निशाना, कही ये बातें

इस बीच मामले में राजनीतिक दल भी कूद पड़े हैं। एलजेपी-रामविलास के सांसद चिराग पासवान ने नीतीश सरकार पर निशाना साधते हुए मुजफ्फरपुर शेल्टर होम कांड की याद दिलाई है। उन्‍होंने कहा है कि युवती ने शासन-प्रशासन की पोल खोल दी है। वह खुद समाने आकर जानकारी दे रही है, लेकिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक शब्द बोलना जरूरी नहीं समझ रहे हैं। मुख्यमंत्री के नाक के नीचे ऐसी घटना हो रही है। शासन और प्रशासन को इसकी जानकारी नहीं है, यह कतई संभव नहीं है। ऐसी घटनाओं से बिहार की छवि राष्ट्रीय स्तर पर खराब होती है। जब तक नीतीश कुमार मुख्‍यमंत्री रहेंगे, बिहार में ऐसे अपराध होते रहेंगे। वे इतने कमजोर हो चुके हैं कि उनके वश में कुछ नहीं है।

nps-builders

पप्‍पू यादव ने की कड़ी कार्रवाई की मांग, जाएंगे कोर्ट

इस मामले में जन अधिकार पार्टी के सुप्रीमो पप्पू यादव ने रिमांड होम संचालक पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्‍होंने इसके खिलाफ आंदोलन करने की भी चेतावनी दी है। पप्‍पू यादव ने मामले में एफआइआर दर्ज करने की मांग रखी है। यह भी आरोप लगाया कि ऐसी घटनाओं में कई बड़े अधिकारी भी शामिल हैं। पप्‍पू यादव ने इस मामले में कोर्ट जाने की चेतावनी दी है।

निर्भया की वकील रहीं सीमा समृद्धि युवती से मिलेंगी

युवती फिलहाल जिस संस्‍था ‘महिला विकास मंच’ के संरक्षण में है, उसकी अध्यक्ष वीणा मानवी ने उसके हवाले से जानकारी दी है कि उसे नशीली दवाएं दी जाती थीं तथा जबरन शारीरिक संबंध के लिए मजबूर किया जाता था। इससे इनकार करने पर मारपीट की जाती थी। उनसे रिमांड होम के अधीक्षक पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। वीणा मानवी के अनुसार उनकी एक जांच टीम युवती के ससुराल भी जाएगी। इस मामले में कोर्ट में भी याचिका दायर की जाएगी। इसके लिए निर्भया दुष्‍कर्म व हत्‍याकांड के दोषियों को अंजाम तक पहुंचाने वाली सुप्रीम कोर्ट की वकील सीमा समृद्धि आज युवती से मिलने पटना आ रहीं हैं।

Source : Dainik Jagran

chhotulal-royal-taste

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *