बिहार के बेगूसराय के एक किसान की तीन बेटियों ने एक साथ बिहार पुलिस अवर निरीक्षक की प्रारंभिक परीक्षा पास की है. तीन बहनों की एक साथ दरोगा बहाली की परीक्षा पास करने से घर के साथ-साथ गांव में भी खुशी का माहौल है. हालांकि तीनों बहने पहले से ही बिहार पुलिस में कार्यरत है लेकिन अब तीनों बहनों ने दरोगा बनने की पहली सीढ़ी पार कर ली है.

दरअसल, बखरी प्रखंड के सलौना गांव निवासी किसान फुलेना दास की तीन बेटियां ज्योति कुमारी, सोनी कुमारी और मुन्नी कुमारी बुधवार को बिहार पुलिस अवर निरीक्षक की परीक्षा का रिजल्ट जारी किया गया, जिसमें तीनों बहन एक साथ परीक्षा पास कर ली है. एक साथ तीन बहनों की दरोगा बनने की परीक्षा पास करने पर घर में खुशी का माहौल है.

बहनों ने अपने माता-पिता को मिठाई खिलाकर खुशियों को साझा किया है. सोनी कुमारी और मुन्नी कुमारी ने बताया कि उनके आदर्श माता-पिता है, वह पिता के साथ सुबह 4 बजे से गांव के ही स्कूल में शारीरिक तैयारी करते थे, सोनी कुमारी घर की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं रहने की वजह से ट्यूशन पढ़ाकर अपनी पढ़ाई जारी रखी थी.

ड्यूटी में रहने के बावजूद तीनों बहनों ने अपनी पढ़ाई जारी रखी और अब पुलिस अवर निरीक्षक की परीक्षा पास की है. सोनी कुमारी ने बताया कि लगातार परिश्रम से कभी कभी उसका हौसला टूटता था तो मां हमेशा खड़ी रहती थी और हौसला अफजाई करती थी.

तीनों बहनों की पढ़ाई गांव के ही प्राथमिक स्कूल और उच्च माध्यमिक में पढ़ाई लिखाई हुई है. इस उपलब्धि से घर के साथ पड़ोस के लोग भी काफी खुश हैं. पिता और पड़ोसी ने बताया कि तीनों बहनों पुलिस विभाग में हैं और अब तीनों दरोगा बनने की परीक्षा पास की है. यह गांव के लिए एक उपलब्धि है.
पिता ने बताया कि वह किसानी कर घर परिवार चलाते हैं, खेतों में काम भी करना पड़ता है, अब उनकी तीनों बेटियों ने यह उपलब्धि हासिल की है, यह बड़ी खुशी है.
Source : Aaj Tak







