प्रतिभा किसी की मोहताज नहीं होती। यह कहावत सासाराम जिले के होनहार खिलाड़ी उज्जवल कीर्ति ने सिद्ध करते हुए अपने जिले और राज्य का नाम रोशन किया है। उज्जवल ने अरुणाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा को पहले प्रयास में ही पूरे देशभर में सातवां स्थान प्राप्त कर अपने जिले का नाम रोशन किया है।

उज्जवल शुरू से ही प्रतिभा के धनी थे। वह सासाराम की ओर से हॉकी और एथलेटिक्स में भी जिले का नाम राज्य स्तर पर ऊंचा कर चुके हैं। अरुणाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग की सब इंस्पेक्टर परीक्षा में सातवां रैंक प्राप्त करने के बाद सासाराम जिले के खेल एवं खिलाड़ियों के लिए गौरव की बात है।

बता दें कि शिवसागर के मलवार गांव निवासी उज्जवल के पिता विजय कुमार पंडित खुद खेल से जुड़े रहे हैं। वर्तमान में जिला खेल पदाधिकारी मधुबनी के पद पर कार्यरत हैं। उज्जवल ने बंदरदेव, अरुणाचल प्रदेश में शारीरिक तथा जांच परीक्षा जिसमें 1600 मीटर दौड़, 100 मीटर दौड़, ऊंची कूद ,लंबी कूद और गोला फेंक की प्रतियोगिता में बड़ी आसानी से शारीरिक दक्षता जांच परीक्षा उत्तीर्ण की, जिसके बाद प्रारंभिक परीक्षा और मुख्य परीक्षा पूर्ण करते हुए उज्जवल को साक्षात्कार में बड़े कड़े संघर्ष का सामना करना पड़ा। अंत में उसे मेडिकल जांच के लिए बुलाया गया। मेडिकल में फिट होने के बाद अरुणाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा फाइनल सूची जारी की गई, जिसमें उज्जवल ने सातवां रैंक लाकर जिले और राज्य का नाम रोशन किया है।

उज्जवल कृति की प्रारंभिक शिक्षा मध्य विद्यालय मलवार तथा माध्यमिक शिक्षा बाल विकास विद्यालय, संत पॉल स्कूल जबकि उच्च शिक्षा बाबा गणिनाथ महाविद्यालय डेहरी से प्राप्त किया है। उज्जवल की कामयाबी पर जिला खेल पदाधिकारी संजय कुमार, जिला एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह, सचिव विनय कृष्ण, जिला वॉलीबॉल संघ के सचिव संजय कुमार, जिला हॉकी संघ के सचिव नरेंद्र कुमार, मध्य विद्यालय मलवार के शारीरिक शिक्षक मनोज कुमार आदि लोगों ने बधाई दी है।
Source : Hindustan







