पुलिस मुख्यालय की विशेष शाखा ने मुजफ्फरपुर में विधान परिषद चुनाव में हिंसक वारदात की आशंका जताई है। इसको लेकर विशेष शाखा मुख्यालय ने मुजफ्फरपुर पुलिस को अलर्ट किया है। विशेष शाखा ने पुलिस को जानकारियां जुटाने और प्रशासनिक व सुरक्षात्मक तैयारी के निर्देश दिए हैं।

विशेष शाखा के एसपी ने आईजी, डीएम और एसएसपी को पत्र भेजकर आगाह करते हुए रिपोर्ट मांगी है। गोपनीय पत्र में कहा गया है कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव आधारित विधान पार्षद की चुनाव तिथि घोषित होने वाली है। इसे लेकर दावेदारों में तैयारी शुरू हो गई है। चुनाव अभियान के दौरान विभिन्न गुटों के बीच हिंसक टकराव हो सकता है। पंचायत प्रतिनिधियों की सुरक्षा को लेकर भी विशेष शाखा ने सतर्कता बरतने व तैयारी करने की सलाह दी है।

बता दें कि इस चुनाव में पंचायत प्रतिनिधि ही मतदाता होते हैं। मुख्यालय से जारी अलर्ट को लेकर एसएसपी जयंतकांत ने सभी थानेदारों को नजर बनाए रखने का निर्देश जारी किया है। सूत्रों की मानें तो विशेष शाखा की रिपोर्ट के बाद ग्रामीण स्तर पर पुलिस अधिकारियों को अलर्ट कर दिया गया है।
Source : Hindustan









