जहानाबाद: पूर्व सांसद और बाहुबली नेता आनंद मोहन ने मंगलवार को नीतीश सरकार पर जमकर हमला बोला. कोर्ट में पेशी के लिए आए नेता ने कहा, ” सत्ता में बैठकर पक्षपात नहीं चलेगा. मैं जिस तरह से 14 वर्षों का वनवास जेल में काट रहा, वह बेकार नहीं जाएगा. जो लोग पक्षपात कर रहे हैं, वो लोकतंत्र के लिए सही नहीं हैं. उन्हें जनता जवाब देगी.” दअरसल, आनंद आदर्श आचार संहिता उल्लंघन के मामले में व्यवहार न्यायालय जहानाबाद में सहरसा जेल से पेशी के लिए आए थे.

शराबबंदी कानून पर सीएम नीतीश को घेरा
साल 1999 में लोकसभा चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता उल्लंघन का मामला जिले के नगर थाना में आनंद मोहन सहित कई नेताओं पर दर्ज हुआ था. कोर्ट में पेशी के लिए आए आनंद मोहन ने एक सवाल के जवाब में कहा कि बिहार में मुख्यमंत्री ने जिस तरह से शराबबंदी लागू किया, वह सराहनीय कदम था. लेकिन शराबबंदी की आड़ में जिस तरह से समानांतर अर्थव्यवस्था खड़ा करने का कार्य चल रहा है, वह सही नहीं है.

पूर्व सांसद ने कहा कि महात्मा गांधी ने शराबबंदी को जमीनी स्तर पर उतारने की बात कही थी. कई राज्यों में ये लागू भी हुआ. लेकिन बिहार में नीतीश कुमार ने शराबबंदी कर एक समानांतर अर्थव्यवस्था चालू कर दी है, जो कतई लोकतंत्र की दृष्टि से सही नहीं है. इससे सरकार को घाटा हो रहा है. गौरतलब है कि कोर्ट में पेशी के दरम्यान जहानाबाद व्यवहार न्यायालय में आंनद मोहन के समर्थकों की बड़ी भीड़ मौजूद थी. मालूम हो कि पूर्व सांसद आनंद मोहन गोपालगंज के तत्कालीन डीएम जी. कृष्णय्या की हत्या के मामले में सहरसा जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहे हैं.
Source : ABP News









