गोपालगंज. बिहार में शराब तस्करों की करतूत लगातार जारी है. ताजा मामला गोपालगंज से जुड़ा है जहां दिल्ली से सहरसा जा रही बस से शराब की तस्करी हो रही थी. उत्पाद विभाग को इस बस में भारी मात्रा में शराब मिली. उत्पाद विभाग की टीम ने कुचायकोट थाने के बलथरी चेक पोस्ट पर ये कार्रवाई की है. पुलिस ने बस के चालक को गिरफ्तार किया है, जिससे पूछताछ चल रही है. बस से 36 बोरी में शराब मिली जिसकी बाजार में कीमत पांच लाख रुपए बतायी जा रही है.

गिरफ्तार बस चालक उत्तर पश्चिमी दिल्ली के महिंद्रा पार्क थाना के जहांगीर पुरी के रहने वाले गुलाब सिंह का पुत्र योंगेद्र सिंह बताया जा रहा है. बुधवार को पूछताछ के बाद चालक को जेल भेज दिया जाएगा. उत्पाद अधीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि बलथरी चेकपोस्ट पर देर रात दुर्गा बस सर्विस की बस को जब्त किया गया. बस से विदेशी शराब मिली.

शराब माफियाओं की तलाश में छापेमारी की जा रही. मोबाइल नंबरों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है. इसके पहले मार्च महीने में अब तक तीन बसों को शराब के साथ जब्त किया जा चुका है, वहीं दूसरी ओर यूपी से शराब की खेप लेकर भाग रहा कार चालक ने कोन्हवां मोड़ के पास कार छोड़कर भाग निकला. उत्पाद विभाग की टीम ने कार बीआर 06 बीएक्स-8792 को जब्त किया जिसमें 19 कार्टन विदेशी शराब मिली. उत्पाद अधीक्षक ने कहा कि लगातार शराब तस्करी रोकने के लिए अभियान चलाये जा रहे हैं. कार मालिक पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है.
Source : News18









