मुजफ्फरपुरके यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा की खबर है। पनवेल और मुजफ्फरपुर के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस का परिचालन 23 फरवरी से प्रारंभ होने जा रहा है। यह ट्रेन डीडीयू, पाटलिपुत्र, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, खगड़िया, मानसी और कटिहार होते हुए पनवेल से अलीपुरद्वार के बीच चलेगी।

रेलवे की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, पनवेल से इस ट्रेन का नियमित संचालन 23 फरवरी से तथा अलीपुरद्वार से 26 फरवरी से शुरू होगा। पनवेल से यह ट्रेन प्रत्येक सोमवार को रवाना होगी, जबकि अलीपुरद्वार से हर गुरुवार को चलेगी।

पनवेल से ट्रेन सुबह 11:50 बजे प्रस्थान करेगी और मंगलवार की रात 9:35 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी। इसके बाद रात 10:45 बजे समस्तीपुर के लिए रवाना होकर बुधवार तड़के 3:20 बजे कटिहार पहुंचेगी। किशनगंज, न्यू जलपाईगुड़ी और सिलीगुड़ी मार्ग से गुजरते हुए दोपहर 1:50 बजे अलीपुरद्वार पहुंचेगी।

वापसी दिशा में 11032 अलीपुरद्वार-पनवेल अमृत भारत एक्सप्रेस 26 फरवरी को अलीपुरद्वार से सुबह 4:45 बजे खुलेगी। यह शाम 4:45 बजे समस्तीपुर, शाम 6:35 बजे मुजफ्फरपुर और शाम 7:30 बजे हाजीपुर सहित अन्य प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव के बाद शनिवार सुबह 5:30 बजे पनवेल पहुंचेगी।

इस नई सेवा से मुजफ्फरपुर और आसपास के यात्रियों को पूर्वोत्तर और महाराष्ट्र के बीच यात्रा में बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD