कटिहार–बरौनी–हाजीपुर–छपरा–गोरखपुर रेलखंड के यात्रियों के लिए बड़ी सौगात मिलने जा रही है। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए डिब्रूगढ़ और गोमतीनगर के बीच एक नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन का नियमित परिचालन शुरू किया जा रहा है। यह ट्रेन अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त गैर-वातानुकूलित प्रीमियम श्रेणी की होगी।

रेलवे प्रशासन के अनुसार, प्रधानमंत्री द्वारा 18 जनवरी 2026 को डिब्रूगढ़–गोमतीनगर अमृत भारत एक्सप्रेस (उद्घाटन स्पेशल) को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया गया था। इसके बाद अब ट्रेन संख्या 15949/15950 डिब्रूगढ़–गोमतीनगर–डिब्रूगढ़ अमृत भारत एक्सप्रेस का नियमित परिचालन शुरू किया जा रहा है।

ट्रेन संख्या 15949 डिब्रूगढ़–गोमतीनगर अमृत भारत एक्सप्रेस का परिचालन 30 जनवरी 2026 से प्रत्येक शुक्रवार को डिब्रूगढ़ से किया जाएगा, जबकि वापसी में ट्रेन संख्या 15950 का परिचालन 01 फरवरी 2026 से प्रत्येक रविवार को गोमतीनगर से होगा। इस ट्रेन में कुल 22 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें 8 शयनयान श्रेणी, 11 सामान्य द्वितीय श्रेणी, 1 पैंट्रीकार और 2 एलएसएलआरडी कोच शामिल हैं।

डिब्रूगढ़ से चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस शुक्रवार को रात 21.00 बजे प्रस्थान कर दूसरे दिन कटिहार, नवगछिया, खगड़िया, बेगूसराय और बरौनी होते हुए तीसरे दिन हाजीपुर, सोनपुर, छपरा और गोरखपुर में रुकते हुए 13.30 बजे गोमतीनगर पहुंचेगी। वहीं वापसी यात्रा में गोमतीनगर से चलकर यह ट्रेन छपरा, सोनपुर, हाजीपुर, बरौनी, बेगूसराय, खगड़िया, नवगछिया और कटिहार होते हुए तीसरे दिन डिब्रूगढ़ पहुंचेगी।

रेलवे के अनुसार, इस नई अमृत भारत एक्सप्रेस के परिचालन से उत्तर बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और पूर्वोत्तर भारत के बीच रेल संपर्क और अधिक मजबूत होगा। साथ ही यात्रियों को तेज, सुरक्षित और बेहतर यात्रा सुविधा उपलब्ध होगी।

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD